
ज्वेल मैरी कौन? जिसकी उड़ी मौत की खबर
Who is Jewel Mary: सोशल मीडिया के इस दौर में फर्जी खबरें और अफवाहें किस कदर किसी की जिंदगी में भूचाल ला सकती हैं, इसका एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक्ट्रेस ज्वेल मैरी इन दिनों किसी फिल्म या शो की वजह से नहीं, बल्कि इंटरनेट पर अपनी मौत को लेकर फैली एक खौफनाक अफवाह के कारण सुर्खियों में आ गई हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसी भ्रामक और झूठी खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं।
दावा किया जा रहा था कि ज्वेल मैरी का कैंसर के कारण निधन हो गया है। हद तो तब हो गई जब कुछ शरारती तत्वों ने कथित तौर पर उनके अंतिम संस्कार से जुड़े फर्जी कार्ड और शोक संदेश भी फेसबुक और व्हाट्सएप पर पोस्ट कर दिए। अब इन खबरों पर विराम लगाते हुए खुद एक्ट्रेस ने सामने आकर अपनी सच्चाई बताई है। आइये जानते हैं कौन है ज्वेल मैरी...
ज्वेल मैरी कोई और नहीं बल्कि मलयालम सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री और मशहूर टेलीविजन होस्ट है। जैसे ही उनके निधन की खबर आई उनके फैंस हैरान रह गए। लोग कमेंट करने लगे और इस खबर की सच्चाई जानने की कोशिश करने लगे। इसके बाद परेशान होकर खुद ज्वेल मैरी को सामने आना पड़ा। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह पूरी ताकत के साथ ट्रेडमिल पर दौड़ते और वर्कआउट करते हुए नजर आ रही हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने अपनी गंभीर बीमारी और मौत के सभी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
ज्वेल मैरी ने मजाकिया लेकिन बेहद तीखे अंदाज में कहा, "पिछले दो दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने मुझे जिंदा मार दिया था और यहां तक कि मेरे अंतिम संस्कार की तैयारियां भी कर डाली थीं। मैं अपने सभी चाहने वालों को साफ शब्दों में बताना चाहती हूं कि मैं जिंदा हूं, पूरी तरह स्वस्थ हूं, बहुत खुश हूं और अपनी जिंदगी का पूरा आनंद ले रही हूं। कृपया ऐसी किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें।"
वीडियो में ज्वेल मैरी ने हैरानी और गुस्सा जताते हुए कहा कि फर्जी खबरें फैलाने वालों ने सारी हदें पार कर दी थीं। कुछ पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि उन्होंने अपनी आवाज खो दी है और वे वेंटिलेटर पर हैं। ज्वेल ने इसके पीछे की सच्चाई बताते हुए कहा कि लोग उनके साल 2023 के एक पुराने वीडियो और बयानों को गलत संदर्भ में पेश कर रहे हैं।
दरअसल, साल 2023 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ज्वेल मैरी ने कैंसर से अपनी पुरानी लड़ाई के अनुभवों को शेयर किया था। अब कुछ लोग उसी पुराने वीडियो क्लिप का इस्तेमाल करके यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी वर्तमान स्थिति खराब है, जो कि पूरी तरह झूठ है।
एक्ट्रेस ने बताया कि इस फर्जी खबर के वायरल होने के बाद से उनके दोस्त, रिश्तेदार और दुनिया भर में मौजूद फैंस बेहद चिंतित हो गए थे। उनके और उनके परिवार के फोन लगातार बज रहे हैं और लोग रोते हुए उनका हालचाल पूछ रहे हैं। ज्वेल ने सभी को बताया कि वह एहतियात के तौर पर केवल नियमित चेकअप के लिए अस्पताल जाती हैं और वह बिल्कुल ठीक हैं।
बता दें कि ज्वेल मैरी ने अपने करियर की शुरुआत पॉपुलर डांस रियलिटी शो 'D4 Dance' को होस्ट करके की थी। इसके बाद उन्होंने मलयालम सिनेमा में कदम रखा और मेगास्टार ममूटी के साथ 'यूटोपियायिल राजावु' और 'पाथेमारी' जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा। ज्वेल के इस ताजा वीडियो ने जहां उनके फैंस को बड़ी राहत दी है, वहीं यह भी सिखाया है कि इंटरनेट पर किसी भी खबर को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जांचना कितना जरूरी है।
Updated on:
03 Jun 2026 09:39 am
Published on:
03 Jun 2026 09:03 am
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
