
मीरा वासुदेवन (Photo Source- Actress Instagram)
Meera Vasudevan personal life: मनोरंजन जगत में कई ऐसे सितारे हैं जिन्हें उनकी पहली ही फिल्म ने रातों-रात सुपरस्टार बना दिया। मलयालम सिनेमा की फेमस अभिनेत्री मीरा वासुदेवन भी उन्हीं में से एक हैं। साल 2005 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'थनमात्रा' (Thanmathra) में मोहनलाल की पत्नी 'लेखा रमेशन' का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों के दिलों में जो जगह बनाई, वो आज भी कायम है। लेकिन पर्दे पर एक आदर्श पत्नी का रोल निभाने वाली मीरा की अपनी असल जिंदगी में कभी सच्चा प्यार नहीं मिला। हाल ही में उन्होंने अपनी तीन असफल शादियों और जिंदगी के खोए हुए सालों पर जो बयान दिया है, वह सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
मीरा वासुदेवन ने धन्या वर्मा संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने किसी शिकायत के बजाय एक बड़ा अफसोस जाहिर किया है। मीरा ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के बेशकीमती 17 साल गलत रिश्तों और नाकाम शादियों को संभालने की कोशिश में बर्बाद कर दिए। उन्होंने बताया, "मैं अक्सर अपने बेटे से कहती हूं कि मैंने अपनी लाइफ के 17 साल तीन बेकार शादियों में गंवा दिए। अगर मैंने उस वक्त समझदारी दिखाई होती, तो आज मैं कहीं और होती।"
मीरा का मानना है कि जो समय उन्होंने ऐसे लोगों को दिया जिन्होंने कभी उन्हें सम्मान नहीं दिया, वही समय वह अपनी फिल्मों, फिटनेस और अपने माता-पिता के साथ बिता सकती थीं। उनकी बातों से साफ झलका कि वह अब उन सालों को याद कर दुखी होने के बजाय, इसे एक सबक की तरह देखती हैं।
मीरा की वैवाहिक जिंदगी किसी फिल्म की पटकथा जैसी रही है, जहां बार-बार उन्होंने घर बसाने की कोशिश की लेकिन हर बार हाथ निराशा ही लगी। उनकी पहली शादी 2005 में विशाल अग्रवाल से हुई थी, जो 2010 में टूट गई। इसके बाद 2012 में उन्होंने एक्टर जॉन कोक्केन का हाथ थामा। दोनों का एक बेटा भी है, लेकिन यह रिश्ता भी महज 4 साल ही चल सका और 2016 में उनका तलाक हो गया।
इसके बाद मीरा ने खुद को संभाला और काम पर ध्यान दिया, लेकिन प्यार की तलाश उन्हें फिर से शादी के मंडप तक ले गई। मई 2024 में उन्होंने सिनेमैटोग्राफर विपिन पुथियनकम से तीसरी शादी की। फैंस को लगा कि अब मीरा की जिंदगी में स्थिरता आएगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अगस्त 2025 में यह तीसरी शादी भी खत्म हो गई।
भले ही मीरा की निजी जिंदगी में उथल-पुथल रही हो, लेकिन उन्होंने कभी अपने करियर को प्रभावित नहीं होने दिया। 'थनमात्रा' में अल्जाइमर मरीज की पत्नी का उनका किरदार आज भी कल्ट माना जाता है। आज भी वह मलयालम फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में पूरी तरह सक्रिय हैं और अपनी अदाकारी से दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। मीरा की कहानी उन सभी महिलाओं के लिए एक मिसाल है, जो बार-बार टूटने के बाद भी हार नहीं मानतीं और अकेले दम पर अपनी पहचान बनाने का साहस रखती हैं।
Published on:
14 May 2026 02:28 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
