
तृषा कृष्णन और विजय थलापति (Photo Source- Instagram)
Vijay Thalapathy And Trisha Krishnan: तमिलनाडु की सियासत में जब भी कोई बड़ा बदलाव होता है, तो उसकी गूंज सिनेमा के गलियारों तक जरूर सुनाई देती है। लेकिन 10 मई 2026 को जब थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो महफिल की सारी लाइमलाइट नए सीएम के साथ-साथ एक खास मेहमान और उनके टैटू ने लूट ली। यह मेहमान कोई और नहीं, बल्कि साउथ की टॉप एक्ट्रेस तृषा कृष्णन थीं। जिन्हें इन दिनों विजय की रूमर्ड गर्लफ्रेंड भी कहा जा रहा है। ऐसे में शपथ समारोह के दौरान तृषा की मौजूदगी और उनके हाथ पर बने एक टैटू ने सोशल मीडिया पर 'कॉन्स्पिरसी थ्योरी' और ज्योतिषीय चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
शपथ ग्रहण समारोह की कुछ तस्वीरें इंटरनेट पर आग की तरह फैल रही हैं। इन तस्वीरों में तृषा के हाथ पर बना एक टैटू साफ नजर आ रहा है। फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स अब इस टैटू को विजय की ऐतिहासिक राजनीतिक जीत से जोड़कर देख रहे हैं। चर्चा यहां तक पहुंच गई है कि क्या तृषा का यह टैटू विजय के लिए कोई 'लकी चार्म' है? कई यूजर्स का मानना है कि इन दोनों की जोड़ी सिर्फ बड़े पर्दे पर ही सुपरहिट नहीं है, बल्कि असल जिंदगी में भी तृषा की उपस्थिति विजय के लिए सौभाग्य लेकर आती है।
इस मामले ने अब एक गंभीर ज्योतिषीय मोड़ ले लिया है। इंटरनेट पर कई ज्योतिषियों ने दावा करना शुरू कर दिया है कि विजय (वृषभ राशि) और तृषा (कर्क राशि) के सितारों का मिलान राजनीति के लिहाज से बेहद शक्तिशाली है। न्यूज18 कन्नड़ की रिपोर्ट के अनुसार, यह टैटू वृषभ राशि से जुड़ा है, जो तृषा की सूर्य राशि भी है। बताया जाता है कि अभिनेत्री का मानना है कि उनकी राशि ने उनके जीवन और सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इसीलिए उन्होंने इसे अपने हाथ पर गुदवाया है। दिलचस्प बात यह है कि विजय की राशि कर्क बताई जाती है। ज्योतिषियों का मानना है कि वृषभ और कर्क राशियां अत्यधिक अनुकूल मानी जाती हैं, जिससे विजय के "भाग्यशाली दौर" को लेकर ऑनलाइन चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दूसरी तरफ, तर्कसंगत और वैज्ञानिक सोच रखने वाले लोग इन बातों को केवल कल्पना बता रहे हैं। उनका कहना है कि तृषा और विजय ने 'लियो' और 'कुरुवी' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों बरसों पुराने दोस्त हैं और एक सह-कलाकार होने के नाते तृषा का वहां पहुंचना सिर्फ अपने दोस्त का समर्थन करना था।
हालांकि, तमिलनाडु जैसे राज्य में जहां सिनेमा और राजनीति के बीच की लकीर बहुत धुंधली है, वहां लोग अक्सर भावनाओं को तर्क से ऊपर रखते हैं। चाहे वह महज एक टैटू हो या बरसों पुरानी दोस्ती, विजय के प्रशंसकों के लिए तो अब तृषा ही उनकी 'लेडी लक' बन गई हैं। फिलहाल, न तो विजय और न ही तृषा ने इन अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया दी है, लेकिन इंटरनेट पर टैटू और कुंडली का यह खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
Updated on:
13 May 2026 12:02 pm
Published on:
13 May 2026 12:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
