
जूनियर एनटीआर का है आज बर्थडे
Jr NTR Birthday: आज के दौर में जूनियर एनटीआर (Jr NTR) को साउथ सिनेमा का “मैन ऑफ मासेस” कहा जाता है। उनकी एक झलक पाने के लिए करोड़ों फैंस बेताब रहते हैं और उनकी फिल्मों का क्रेज सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार विदेशों में भी सिर चढ़कर बोलता है। लेकिन सफलता के इस चमकीले आसमान पर पहुंचने से पहले, इस सुपरस्टार ने बचपन में एक ऐसा कड़वा दौर देखा है जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
जूनियर एनटीआर आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। ऐसे में एक बेहद दिलचस्प किस्सा है जो काफी कम लोग जानते हैं। जूनियर एनटीआर एक बेहद रसूखदार और प्रतिष्ठित स्टार परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह तेलुगू सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. टी. रामाराव (NTR) के पोते हैं। लेकिन स्कूल के दिनों में उनकी जिंदगी किसी आम बच्चे जैसी ही थी, बल्कि कहें तो उससे भी थोड़ी मुश्किल थी। पुराने इंटरव्यूज और रिपोर्ट्स के मुताबिक, बचपन में जूनियर एनटीआर का वजन काफी ज्यादा था। इसी मोटापे और उनके लुक्स की वजह से स्कूल के बच्चे अक्सर उनका मजाक उड़ाया करते थे और उन्हें बुरी तरह चिढ़ाते थे।
उस समय जूनियर एनटीआर स्वभाव से काफी शर्मीले और शांत थे। वह ज्यादा लोगों से घुलते-मिलते नहीं थे और अक्सर अकेले ही रहना पसंद करते थे। बच्चे उनके इसी शांत स्वभाव का फायदा उठाकर उनका मजाक उडाते थे। लेकिन लोगों के इन तानों ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि उनके भीतर एक ऐसी आग जला दी जिसने उनकी किस्मत बदल दी। उन्होंने अंदर ही अंदर ठान लिया था कि वह एक दिन खुद को साबित करके दिखाएंगे। यही वजह थी कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र से ही क्लासिकल डांस (कुचिपुड़ी) और एक्टिंग की बारीकियों पर दिन-रात कड़ी मेहनत करना शुरू कर दिया।
जब जूनियर एनटीआर ने बतौर मुख्य अभिनेता फिल्मों में कदम रखा, तो उनकी मेहनत पर्दे पर साफ नजर आई। शुरुआत में उनके लुक्स पर बात करने वाले लोग तब हैरान रह गए जब उन्होंने एनटीआर की दमदार एक्टिंग, कड़क डायलॉग डिलीवरी और रोंगटे खड़े कर देने वाला डांस देखा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ब्लॉकबस्टर फिल्म 'आरआरआर' (RRR) ने तो उन्हें ग्लोबल स्टार पर पहचान दिला दी। इस फिल्म में उनके 'कोमाराम भीम' के किरदार और उनके डांस ने पूरी दुनिया को दीवाना बना दिया।
जूनियर एनटीआर की यह कहानी सिर्फ एक स्टार किड के सुपरस्टार बनने की नहीं है, बल्कि यह कहानी है आत्मविश्वास और कभी हार न मानने वाले जज्बे की है। उन्होंने दुनिया को यह साबित कर दिखाया कि अगर इंसान को खुद पर भरोसा हो, तो दूसरों के ताने और मजाक भी उसकी सबसे बड़ी ताकत बन सकते हैं। आज वह उन लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं जो अपनी जिंदगी में कभी न कभी बॉडी शेमिंग या दूसरों के तानों का शिकार हुए हैं।
Published on:
20 May 2026 03:04 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
