6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के टोंक में 500 किलो से अधिक नकली घी पकड़ा, नामी ब्रांडों के लेबल लगाकर मार्केट में करते थे सप्लाई; मचा हड़कंप

Tonk Fake Ghee Seized: डीएसटी द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने टोंक शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानों, शादी समारोह, यज्ञों, धार्मिक अनुष्ठानों आदि कार्यों के लिए प्रतिदिन करीब 500 किलो नकली देशी घी सप्लाई करना स्वीकार किया है।

3 min read
Google source verification

टोंक

image

Anil Prajapat

Mar 06, 2026

Tonk Fake Ghee Seized

कार्रवाई के दौरान जब्त नकली देशी घी का सेम्पल लेते खाद्य निरीक्षक। फोटो: पत्रिका

Tonk News: टोंक के निवाई क्षेत्र में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर चलाए जा रहे नकली देशी घी के अवैध कारोबार पर जिला स्पेशल पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। गुरुवार को शहर में एक मकान पर छापेमार कार्रवाई करते हुए डीएसटी टीम ने 500 किलो से अधिक नकली देशी घी, नकदी और एक कार जब्त की है।

नामी कंपनियों के नाम का दुरुपयोग कर नकली घी बेचने वाले आरोपी मीठालाल गुर्जर (40) पूरणमल गुर्जर निवासी काली का बाग रोड निवाई को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए निवाई पुलिस के सुपुर्द किया गया है। आरोपी नामी ब्रांडों के लेबल लगाकर नकली घी मार्केट में सप्लाई करता था, ऐसे में इस कार्रवाई से व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया।

छापेमार कार्रवाई के दौरान सरस डेयरी के नाम से नकली घी मिलने पर टोंक डेयरी के अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टोंक डेयरी के प्रबंध संचालक विष्णु प्रकाश शर्मा, डेयरी प्रभारी विपणन सुरेंद्र सैनी सहित सरस डेयरी की टीम निवाई पहुंची और मौके पर जांच की। जांच में सरस ब्रांड के नाम पर नकली देशी घी की सप्लाई किए जाने की पुष्टि होने पर गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में निवाई थानाधिकारी घासीराम को एफआईआर सौंपी गई।

जयपुर डेयरी टीम पहुंची

टोंक डेयरी के प्रबंध संचालक विष्णु प्रकाश शर्मा ने बताया कि छापेमार कार्रवाई के दौरान सरस डेयरी जयपुर का मार्का भी मिला है। इसके संबंध में जयपुर डेयरी के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। सूचना मिलने पर जयपुर सरस डेयरी की टीम निवाई के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर जयपुर की टीम ने भी आरोपी के खिलाफ निवाई पुलिस को शिकायत की है।

पॉम ऑयल का मिला जखीरा

डीएसटी प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकली घी और उससे संबंधित सामग्री बरामद की गई। इनमें लोटस ब्रांड के 14 टिन, सरस ब्रांड के तीन टिन, 27 टिन पॉम ऑयल, एक किलो पैकिंग में कृष्णा व सरस ब्रांड के 48 डिब्बे तथा आधा किलो पैकिंग में 21 डिब्बे शामिल हैं। इसके अलावा गोपीकृष्ण ब्रांड के दो किलो के दो पैकेट, पांच किलो के दो टिन तथा श्रीमूल ब्रांड के पांच किलो पैकिंग के चार टिन भी बरामद किए गए हैं।

नकली देशी पैकिंग का पूरा नेटवर्क आया सामने

कार्रवाई के दौरान सरस घी के 47 पैकिंग कार्टन भी बरामद हुए। इसके साथ ही लोटस और देव महिमा के सात लेबल, नकली घी के टिन के 88 ढक्कन, 25 आईएसआई मार्का लेबल, 63 सरस घी के लेबल और 60 एगमार्क सील भी जब्त की गईं। नामी कंपनियों के 10 टिन भी बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग नकली घी की पैकिंग और बाजार में सप्लाई के लिए किया जा रहा था।

मौके से नकली देशी घी के सैंपल लिए

नकली देशी घी के जखीरा मिलने पर डीएसटी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इस पर विभाग के खाद्य निरीक्षक सत्यनारायण गुर्जर अपनी टीम के साथ निवाई पहुंचे और मौके से नकली देशी घी के सैंपल लिए। सैंपल को सरकारी लेब में भेजा जाएगा।

रोज 500 किलो नकली देशी घी सप्लाई करता था

डीएसटी द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने टोंक शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानों, शादी समारोह, यज्ञों, धार्मिक अनुष्ठानों आदि कार्यों के लिए प्रतिदिन करीब 500 किलो नकली देशी घी सप्लाई करना स्वीकार किया है। डीएसटी ने नकली घी की खरीद-फरोख्त से संबंधित गिरफ्तार आरोपी मीठालाल से 45 हजार रुपए की नकदी भी बरामद की है। साथ ही इस कारोबार में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच निवाई थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

एसपी के निर्देश पर चला अभियान

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देश पर डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार देशी घी के नाम पर आमजन, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नकली घी बेचकर ठगी करने और उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।