
video: रात होते ही शुरू हो जाता है बजरी के अवैध परिवहन और खनन का खेल
राजमहल (टोंक). सुप्रीम कोर्ट के आदेश (Supreme Court Order On Sand Mining In Rajasthan) की पालना में सरकारी कारिंदे कितने सजग व सतर्क हैं इसकी बानगी शुक्रवार देर शाम बनास से बजरी खनन व परिवहन (Gravel Mining & Transportation) की सूचना पुलिस व खनिज अभियंताओंं को देने पर सामने आई।
पुलिस कार्रवाई के लिए खनिज विभाग (Mineral department) को जिम्मेदार बताती रही तो खनिज विभाग के अभियंता ने भी कार्रवाई के प्रति लाचारी दिखाई। लगातार सूचना देने पर भी किसी अधिकारी ने खनन तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना मुनासिब नहीं समझा और पूरी रात बजरी खनन (Gravel Mining) व परिवहन का खेल इस तरह चलता रहा।
पत्रिका की ओर से की गई पड़ताल (patrika sting) में कुछ ऐसी तरह नजर आई पुलिस व खनिज विभाग के अभियंताओं की लापरवाही। पत्रिका संवाददाता की दूरभाष पर पुलिस व खनिज विभाग के अभियंताओं से बातचीत के अंश। -
क्षेत्र राजमहल
समय- रात 8 .42 बजे
संवाददाता- राजमहल में देवली सडक़ मार्ग से बजरी से भरे वाहन गुजर रहे हैं
दूनी थाना प्रभारी- अभी थाने की कार बाहर गई हुई है। आते ही भेजने का प्रयास करेंगे।
समय 9.10 बजे
संवाददाता ने टोंक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम में फोन किया।
संवाददाता- सर राजमहल व दूनी क्षेत्र से बजरी से भरे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रहे हैं।
कंट्रोल रूम- इस बारे में आप खनिज विभाग के अभियंताओं से बात करो।
समय रात 9.23 बजे
संवाददाता- सर खनिज विभाग के अभियंता के नम्बर नहीं है।
कन्ट्रोल रूम- आप मोबाइल नम्बर लिखो और उन्हें बताओ जो खनिज विभाग के अभियंता के है।
समय रात 9.25 बजे
संवाददाता- सर ये नम्बर बंद है
कन्ट्रोल रूम - दूसरे ये नम्बर लिखो और अब खनिज अभियंता को ही बताओ।
रात 9.26 बजे
संवाददाता- सर बजरी से भरे वाहन गुजर रहे हैं।
सहायक अभियंता अमीचंद- मैं अभी बाहर हूं। हमारे पास पूरा जिला है और एक कार है। हर जगह जाना सम्भव नहीं है।
संवाददाता- इस बारे में आप दूनी थाना पुलिस को अवगत कराओ।
सहायक अभियंता अमीचंद- हां, इस बारे में देखते हैं।
रात 9.29 बजे
संवाददाता- सर राजमहल के देवली सडक़ मार्ग से बजरी से भरे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रहे हैं।
देवली थाना प्रभारी- राजमहल दूनी थाना क्षेत्र का इलाका है। दूनी थाना प्रभारी को फोन करो।
संवाददाता- सर देवली सडक़ मार्ग तो देवली थाने में आता है। वहीं ट्रक देवली से निकलते हैं।
देवली थाना प्रभारी- इधर, मैं देख लूंगा।
अकेले नहीं जाएंगे
बजरी खनन व परिवहन के मामने में कन्ट्रोल रुम (Control room) को सूचना करे। पुलिस अकेले कार्रवाई करने नहीं जाएगी। खनिज विभाग को अभियंता या अन्य कार्मिक साथ होना आवश्यक है। फिर भी उच्चाधिकारियों के कोई भी आदेश आते है तो उसकी पालना की जाएगी।
नानगराम मीणा, पुलिस उपाधीक्षक, देवली
कोर्ट की ओर से उपखण्ड अधिकारी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित है, जिसमें पांच विभाग शामिल है। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था भंग होने का खतरा रहता है। कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग, तहसीलदार या उपखण्ड अधिकारी होना आवश्यक है। फिर भी कोई विशेष बात है तो कार्रवाई करवाई जाएगी।
चूनाराम जाट, पुलिस अधीक्षक, टोंक
tonk news in hindi
Published on:
23 Jun 2019 03:34 pm
