
बिसलपुर बांध। पत्रिका फाइल फोटो
Suspension Bridge In Bisalpur Dam: टोंक राजमहल। बीसलपुर बांध के डाउन स्ट्रीम स्थित पवित्र दह पर प्रस्तावित 99 करोड़ रुपए की लागत वाले झूलते (सस्पेंशन) ब्रिज के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई है। निर्माण कंपनी ने साइट तक सामग्री पहुंचाने के लिए दह किनारे कच्ची सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
जल्द ही भूमि पूजन कर दोनों ओर खंभों (पिलर) का निर्माण शुरू किया जाएगा। दिनेश चंद्र आर अग्रवाल इंफ्रा गुजरात के अहमदाबाद स्थित प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा बीसलपुर-गोकर्णेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर भी पिलर निर्माण के लिए गड्ढों की खुदाई की जा रही है।
साथ ही दह के दूसरे छोर पर सीमेंट-गिट्टी के खंभों के निर्माण हेतु पर्याप्त सामग्री पहुंचाने के लिए ग्रेवल सड़क बनाई जा रही है। कंपनी द्वारा पूर्व में ही बांध की दायीं मुख्य नहर के पास प्लांट और कार्यालय भवन तैयार किए जा चुके हैं।
कुल लंबाई (दोनों ओर सड़क सहित): करीब 1.5 किमी
सस्पेंशन ब्रिज की लंबाई: 750.5 मीटर
पानी की सतह से ऊंचाई: लगभग 20 मीटर
सड़क की चौड़ाई 15 मीटर (दोनों ओर से सुगम आवागमन)
ब्रिज दह से निकलकर विद्युत वितरण निगम के ग्रिड के पास देवली मार्ग से जुड़ेगा, जबकि दूसरी ओर गेट नंबर एक के पास पहाड़ी क्षेत्र को काटकर टोडारायसिंह सड़क मार्ग से कनेक्ट किया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए बीसलपुर गोकर्णेश्वर मंदिर व धर्मशालाओं तक सर्विस रोड भी बनाए जाएंगे।
Updated on:
03 Apr 2026 09:34 am
Published on:
03 Apr 2026 09:34 am
