
निवाई . उपखण्ड मुख्यालय पर स्थित रक्तांचल पर्वत सहित क्षेत्र में अनेक पहाड़ों में हो रहे अवैध खनन से इनका अस्तित्व खतरे में नजर आ रहा है।
निवाई . उपखण्ड मुख्यालय पर स्थित रक्तांचल पर्वत सहित क्षेत्र में अनेक पहाड़ों में हो रहे अवैध खनन से इनका अस्तित्व खतरे में नजर आ रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि इन पहाड़ों पर हो रहे अवैध खनन के पत्थर शहर में ट्रॉलियों में भर कर आ रहे है, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे हुए है। शाम होते ही रक्तांचल पर्वत के पीछे धमाके गंूजने शुरू हो जाते हैं। अवैध खनन के चलते पहाड़ के पीछे के हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
रक्तांचल पर्वत पर रात भर अवैध खनन के बाद पत्थरों से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दौड़ती रहती है। पर्वत के पीछे बोरंगी से होकर खणदेवत एवं रजवास रोड सहित कई रास्तों से होकर दिन-रात ट्रैक्टर निकलते हैं। वन विभाग की ओर से अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए बोरंगी में दीवार तो बनवा दी, लेकिन वो भी कई स्थानों से क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें से ट्रैक्टर निकल रहे हंै, जिसकी भी दुपहिया वाहनों से अवैध खनन से जुड़े लोग रैकी कर ट्रैक्टरों को निकाल ले जाते है।
शहर में रातों-रात पत्थरों से भरी टै्रक्टर-ट्रॉलियों को अवैध खनन से जुड़े लोग निर्माण कार्यों की साइड पर खाली करा रहे हैं। जहां खनन बंद के नाम पर मुंह मांगे दाम वसूल रहे हैं। निवाई सहित बहड़, नोहट्टा, पराणा, करीरिया एवं सिरस सहित कई स्थानों पर अवैध खनन का कारोबार जोरों पर है। प्रशासन की उदासीनता के चलते अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। वन विभाग एवं पुलिस भी कभी-कभार कार्रवाई करके कार्य की इतिश्री कर लेती है।
बजरी व पत्थर से भरे 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली व दो ट्रक जब्त
निवाई. टोंक उपखण्ड अधिकारी प्रभातीलाल जाट के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बरोनी थाना पुलिस के साथ अवैध रूप से बजरी से भरे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली, तीन खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली व बजरी से भरे दो ट्रक जब्त किए हंै। सहायक खनिज अभियंता अमीचंद दुहारिया ने बताया कि टीम ने छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान बनास नदी के समीप चिरोंज क्षेत्र से बजरी से भरे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली, तीन खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली व बजरी से भरे दो ट्रक जब्त किए हैं।
टोडारायसिंह. बनास नदी से बजरी खनन मामले में पुलिस ने चार डम्पर पकड़े हैं। थाना प्रभारी बी.एल. मीणा ने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी कर छाणबास सूर्या के पास बजरी से भरे चार डम्परों को पकड़ा है। इनमें बजरी भरकर ले जाई जा रही थी।
Published on:
1 Feb 2018, 7:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.