
सांकेतिक तस्वीर, मेटा एआइ
Tonk Mass Wedding Storm: राजस्थान के टोंक जिले में धाकड़ समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में आए अंधड़ से हड़कंप मच गया। बवंडर से बचने के लिए जिसे जहां जगह मिली वहां छिप गया। सामूहिक विवाह के लिए आए दूल्हा-दुल्हन के जोड़े भी जान बचाने के लिए भाग छूटे। हालांकि थोड़ी देर बाद अंधड़ थमने के बाद विवाह स्थल पर तबाही का मंजर साफ नजर आया।
राजस्थान में टोंक जिले के रतनपुरा गांव में धाकड़ समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था। सामूहिक विवाह सम्मेलन में 36 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था। विवाह के लिए सम्मेलन में शामियाने और सजावट की गई। सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और करीब 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चले अंधड़ से समारोह स्थल पर लगाए शामियाने उड़ गए और हर तरफ भगदड़ जैसा माहौल बन गया। हर शख्स अंधड़ से बचने के लिए भागता नजर आया। अंधड़ ने चंद मिनटों में ही समारोह स्थल की रौनक को मटियामेट कर दिया। हवा की तेज रफ्तार से पूरा पंडाल तहस नहस हो गया।
तेज अंधड़ के आगे हर कोई बेबस नजर आया वहीं समारोह स्थल पर लगाए टेंट, बर्तन और गिफ्ट का सामान हवा में उड़ता नजर आया। दूल्हा-दुल्हन और मेहमान जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ लोगों को इस दौरान चोटें भी आईं। अंधड़ के बाद तेज बारिश ने बची कसर भी पूरी कर दी। कार्यक्रम स्थल पर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। आयोजकों का कहना है कि मौसम के इस तरह बिगड़ने का अंदेशा नहीं था जिस कारण से खुले में ही सामूहिक विवाह का कार्यक्रम तय किया गया था। भविष्य में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए उचित स्थान का चयन किया जाएगा।
अंधड़ और बारिश के बाद सामूहिक विवाह कराने वाले आयोजकों ने खुले स्थान पर 36 जोड़ों के फेरे पूरे कराए। हालांकि मौसम के बिगड़े खौफनाक मिजाज से कार्यक्रम स्थल पर हर कोई शख्स सहमा नजर आया। घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कैसे चंद मिनटों में खुशियों में खलल भी पड़ सकता है।
Updated on:
28 Apr 2026 01:52 pm
Published on:
28 Apr 2026 01:52 pm
