
Photo AI Generator
निवाई (टोंक)। भविष्य संवारने और डॉक्टर बनने का सपना लेकर घर से निकले दो दोस्तों की राह शनिवार रात दर्दनाक हादसे में थम गई। कौथून-लालसोट एनएच-11ए पर करेडा बुजुर्ग बाइपास के पास अज्ञात कार की तेज रफ्तार टक्कर ने एक युवक की जिंदगी छीन ली, जबकि उसका साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
दत्तवास थानाधिकारी हीरालाल ने बताया कि धौलपुर जिले के सरमथुरा निवासी आसिव (19) पुत्र परवेज और फहरान (19) एक ही मोटरसाइकिल सवार होकर जयपुर नीट परीक्षा देने जा रहे थे। दोनों के मन में सुनहरे भविष्य के सपने थे, लेकिन शनिवार रात करीब 10.30 बजे कौथून की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल प्रतापनगर जयपुर भिजवाया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान आसिव ने दम तोड़ दिया, जबकि फहरान का इलाज जारी है। रविवार सुबह दत्तवास पुलिस के हैडकांस्टेबल जयपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। थानाधिकारी ने बताया कि यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं की भयावह सच्चाई को उजागर करता है। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन सभी के लिए अतिआवश्यक है। जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
Published on:
03 May 2026 04:40 pm
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
