
फोटो पत्रिका
Tonk : राजस्थान के टोंक में नेशनल हाईवे-52 पर स्थित निवाई क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक बड़े निजी बैंक एचडीएफसी बैंक की एटीएम कैश वैन में अचानक आग लग गई। तेज हवा की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। देखते ही देखते वैन आग का गोला बन गई। एचडीएफसी बैंक की एटीएम कैश वैन जयपुर से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। इस वैन करीब 2 करोड़ रुपए कैश थे। गनीमत यह रही कि समय रहते निवाई पुलिस और हाईवे कर्मी को सूचना मिल गई। जिससे वह सक्रिय हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार के जान की हानि नहीं हुई। साथ ही वैन में रखे करीब 2 करोड़ रुपए भी सुरक्षित बचा लिए गए।
बताया जा रहा है कि एटीएम कैश वैन में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पूरी एटीएम कैश वैन आग के गोले में तब्दील हो गई। पर चालक ने सूझबूझ दिखाया और एटीएम कैश वैन को सड़क किनारे रोक दिया। वैन में आग को देख कर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी घासीराम के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान वैन के भीतर से उठती ऊंची लपटों ने आसपास के लोगों को सहमा दिया। आग की तीव्रता के चलते हाईवे के दोनों ओर करीब 2-2 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर हाईवे एम्बुलेंस टीम ने तुरंत पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया। वहीं अग्निशमन वाहन ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब आधे घंटे बाद हालात सामान्य हुए, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित रूप से सुचारू कराया।
जयपुर रीजनल ऑफिस की सूचना पर निवाई शाखा प्रभारी गिर्राज घीया तत्काल मौके पर पहुंचे और कैश वेन से निकाले गए कैश से भरे तीन बक्सों को सुरक्षित निवाई शाखा पर लाकर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय शाखा प्रबंधक गिर्राज घीया ने बताया कि जयपुर से भीलवाड़ा कैश लेकर जा रही वैन में आग लगने की सूचना पर मौके पर जाकर कैश के तीन बक्सों को स्थानीय शाखा पर लाकर रखवाया और दूसरी वैन आने पर उन्हें वापस सुपुर्द कर दिया। इसके बाद दूसरी वैन अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो गई। बक्सों में कितना कैश था इसकी जानकारी नहीं है।
Updated on:
01 May 2026 08:05 am
Published on:
30 Apr 2026 03:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
