
OTT फिल्मों और शोज पर बोले तारक मेहता के जेठालाल- क्या गाली देना आगे बढ़ना है?
मुंबई। कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ( Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah ) के मुख्य अभिनेता दिलीप जोशी ( Dilip Joshi ) ने ओटीटी कंटेंट में गाली-गलौच के अत्यधिक प्रयोग को लेकर निर्माताओं को आड़े हाथों लिया है। तारक मेहता में जेठालाल ( JethaLal ) के रोल से लोकप्रिय हुए दिलीप का कहना है कि ओटीटी पर कई ऐसे कंटेंट हैं जो शानदार हैं, लेकिन गाली-गलौच की अति भारतीय परिवेश में खटकती है।
यदि आप वास्तविकता दिखाना चाहते हैं, तो लोगों को शौचालय जाते और स्नान करते भी दिखाएं
कॉमेडियन सौरभ पंत के यूट्यूब पॉडकास्ट पर बातचीत में दिलीप जोशी ने कहा,'ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर, हम कुछ शानदार काम देख सकते हैं। कुछ तो बेहतरीन हैं। लेकिन मुझे लगता है कि आपत्तिजनक शब्दों का अनावश्यक प्रयोग जरूरी नहीं है।' उनका कहना है,'यदि आप वास्तविकता दिखाना चाहते हैं, तो लोगों को शौचालय जाते और स्नान करते भी दिखाएं। आप दर्शकों को क्या दिखाना चाहते हैं, वह महत्वूपर्ण है। जो आप देखते हैं, वह आपके साथ रहता है। क्या आप एक ऐसा समाज बनाना चाहते हैं जिसमें लोग केवल अपमानजनक भाषा का उपयोग करके बात करें? हर चीज की एक सीमा होती है। यदि यह सीमा के भीतर है, तो यह सुखद है। यदि यह सीमा से बाहर चला जाता है, तो यह आपको परेशान करने लगता है।'
आप अपने माता-पिता से इस तरह बात करते हैं?'
उन्होंने कहा,'मैं समझ सकता हूं कि आपको समय के साथ बदलने और विकसित होने की आवश्यकता है। लेकिन क्या गाली देना आगे बढ़ना है? पश्चिम में जो भी हो रहा है, आप यहां करना चाहते हैं। पश्चिम खुद पूर्व की संस्कृति को देख रहा है। हमारी संस्कृति और परंपराएं सबसे पुरानी हैं। हमारी संस्कृति में बहुत सारी अद्भुत चीजें हैं और यह जाने बिना आप पश्चिम का अनुसरण करना चाहते हैं। उनके कल्चर में वे एफ-शब्द का बहुत उपयोग करते हैं और इसलिए यह उनके शो और सामग्री में अप्राकृतिक नहीं लगता है। ऐसा यहां नहीं है। क्या आप अपने माता-पिता से इस तरह बात करते हैं?'
Published on:
07 Nov 2020 12:00 am
बड़ी खबरें
View AllTV न्यूज
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
