
एआई की मदद से तैयार तस्वीर - पत्रिका
Salumber Murder News: सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। महज बाइक स्टंट करने से रोकने की मामूली कहासुनी ने एक युवक की जान ले ली। 13 मार्च की शाम को दोस्तों के साथ खुशियां और कपड़े खरीदने निकला प्रदीप मीणा अब इस दुनिया में नहीं है। पुलिस ने इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घटना उस वक्त की है जब प्रदीप मीणा अपने दो दोस्तों, विजय और दीपक के साथ परसाद बाजार में खरीदारी करने गया था। तीनों दोस्त बस स्टैंड पर बैठकर आराम कर रहे थे, तभी वहां पत्सर निवासी रामा और संजय अपनी बाइक से पहुंचे। आरोप है कि ये दोनों अपनी बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। जब प्रदीप ने उन्हें सड़क पर इस तरह की हरकत करने से मना किया और सावधानी बरतने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गए।
मामूली बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और प्रदीप पर लात-घूसों की बरसात कर दी। इसी बीच, मुख्य आरोपी संजय ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए प्रदीप के पेट में चाकू से जोरदार हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में प्रदीप जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल प्रदीप को तत्काल उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते हुए उसने दम तोड़ दिया। थानाधिकारी नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने दबिश देकर सभी 9 आरोपियों को जंगल, गांव और उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में संजय, विकास, गोविंद, राहुल, प्रवीण, रामलाल, पंकज, राजू और एक अन्य संजय शामिल हैं। सड़क पर स्टंटबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह किसी हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का दर्द दे सकती है।
Updated on:
19 Mar 2026 09:03 am
Published on:
19 Mar 2026 09:03 am
