
आखिर उखाड़ी स्कूल छत पर बिछी भ्रष्टाचार की परतें
कोटड़ा . निचली सुबरी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करने प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़े स्कूल भवन की छत की फर्श का भौतिक सत्यापन कर उखड़वाया गया।
कोटड़ा के नायब तहसीलदार सुरेश मेहता, प्रधानाचार्य अमरसिंह यादव, नरेगा टेक्निकल असिस्टेंट दिग्विजयसिंह त्यागी, ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मण शर्मा, सरपंच राकेश खैर ने विद्यालय भवन का भौतिक सत्यापन किया। नवनिर्मित भवन की छत का फर्श घटिया सामग्री से तैयार होना पाया गया। ऐसे में ठेकेदार को मौके पर बुलाकर पूर्व में घटिया निर्माण पर जवाब मांगा। तय समयावधि में स्कूल भवन की पूरी छत का फर्श नए सिरे से करने के निर्देश दिया।
यह था मामला
कोटड़ा में नई ग्राम पंचायत का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निचली सुबरी का भवन हाल ही में रमसा के तहत तैयार हुआ था। ठेकेदार ने विद्यालय प्रशासन को तीन दिन पहले ही भवन सुपुर्द किया था। पहली बारिश में ही भवन की छत का फर्श जगह-जगह से टूटने लगा। प्रधानाचार्य अमर सिंह यादव ने ठेकेदार से घटिया निर्माण की वजह से फर्श उखडऩे की शिकायत की थी। ठेकेदार की ओर से अनदेखा किया गया। इस पर राजस्थान पत्रिका ने मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया। आखिर प्रशासन ने संज्ञान लिया।
भुगतान रोका
प्रधानाध्यापक यादव ने बताया कि स्कूल भवन रमसा के माध्यम से करीब एक करोड़ की लागत में तैयार हुआ है। छत का काम घटिया होने के कारण ठेकेदार सुन्दरलाल जोशी का करीब 20 लाख रुपए भुगतान रोक दिया है। अब काम पूरा होने पर ही भुगतान किया जाएगा।
दस दिन में करना होगा काम
स्कूल भवन का मौका मुआयना किया। काम घटिया सामग्री से होना पाया गया। यह लापरवाही से किया गया काम है। ठेकेदार को दस दिन में काम सुधारकर देने की हिदायत दी है। काम नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरेश मेहता, नायब तहसीलदार, कोटड़ा
Published on:
02 Aug 2019 01:56 am
