
पकड़े गए तो रो लिए: चोरों ने दिनदहाड़े ताला तोड़ वारदात को अंजाम देने की कोशिश
उदयपुर/ भटेवर. वल्लभनगर थाना क्षेत्र के राजस्व गांव खोखरवास में शुक्रवार को चोरों ने साहस दिखाते हुए दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इस बीच घरवालों केा लौटने पर हड़बड़ाए चोर दीवार फांदकर खेतों की ओर भागने लगे। तभी ग्रामीणों ने उनका पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया।
इससे पहले खोखरवास में नारायण लाल अहीर के घर में दाखिल होने से पहले चोरों ने रैकी की। बाद में बाइक लगाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। दो अन्य कमरों के ताले तोड़े और पेटी का ताला तोडऩे की कोशिश की। तभी मकान मालिक को भीतर आता देख चोर दीवार फांदकर भागने लगे। शोर शराबे के बीच ग्रामीणों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। वहीं दो अन्य साथी फरार हो गए। ग्रामीणों ने पकड़ में आए चोर की धुनाई कर दी।
मामले को लेकर सीआई महिपाल सिंह ने बताया की नारायण अहीर की रिपोर्ट के अनुसार व खेत पर परिवार के लोगों को खाना देने गया था। वापस घर आया तो पोल का किवाड़ अंदर से बंद पाया। घर के अंदर चोरों के होने का संदेह हुआ तो शोर मचाया। लोग एकत्र हो गए और एक आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान नवानिया निवासी इकबाल के तौर पर हुई है। चोरी की बाइक भी थाने में जमा की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Published on:
13 Jul 2019 06:00 am
