
सिगरेट की 'आग से सुलगे दो पक्ष
उदयपुर/ गींगला. कुराबड़ थाना क्षेत्र स्थित टूस गांव की एक दुकान में सिगरेट नहीं मिलने का विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट की वजह बन गए। दुकान व्यावसायी की बेटी ने मामले को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को दी गई जानकारी में टूस निवासी जशोदा पुत्र किशनलाल ने बताया कि उसकी मां खेत पर गई थी। तब वह और उसका भाई दुकान में राशन बेच रहे थे। शाम को गांव के ही दो युवक दुकान पर आए और सिगरेट की मांग करने लगे। युवती ने सिगरेट नहीं होने का हवाला दिया। तब दोनों युवक आग बबूला हो गए। युवाओं ने सिगरेट कहीं से भी लाकर देने की बात कही। मना करने पर युवक आग बबूला होते हुए सामान पर लात मारने लगे। आरोपियों के कुछ साथी भी दुकान पर आ गए। इधर, जशोदा की सूचना पर उसके मामा बीच बचाव में आए तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बाद में ग्रामीणों ने बीच बचाव किया। मारपीट में पीडि़ता के भाई विकेश कुमार व मामा राजकुमार दोनों को ही चोटें आई। पीडि़ता ने पदमपुरा निवासी उम्मेदराम, साढू नारायणलाल, मित्र चंदनसिंह व इंद्रसिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
Published on:
01 Jul 2019 06:00 am
