
मोहम्मद इलियास/उदयपुर. हिरणमगरी थाना क्षेत्र के रीको एरिया में मारपीट से परेशान पत्नी ने चरित्र आशंका के बीच पति की गला दबाकर हत्या कर दी। रीको स्थित पीएल इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में रविवार रात घटना के बाद पत्नी सुबह तक शव के पास ही बैठी रही। सोमवार सुबह उसने आत्महत्या की कहानी गढ़ते हुए पुलिस को गुमराह किया। घटना हालात व बयानों में विरोधाभास आते ही पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गई। उसने पति धर्मा मीणा की ओर से मारपीट करने से तंग आकर गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी गोगुन्दा निवासी चुन्नी मीणा को गिरफ्तार किया।
उपाधीक्षक (पूर्व) भगवतसिंह हिंगड़ ने बताया कि धर्मा मीणा, उसकी पत्नी चुन्नी व दो बच्चों के साथ पिछले 7 वर्ष में से यहां रह रहा था। वह परिवार के साथ ईटें बनाने का काम करता था। सुबह मुनीम उमेश प्रसाद फैक्ट्री पर पहुंचा तो चुन्नी कोठरी के बाहर बैठकर रो रही थी तथा धर्मा की लाश अंदर पड़ी थी। मुनीम ने मालिक प्रभुलाल डांगी को बताया। प्रभुलाल ने शव देखकर पूछा तो चुन्नी ने धर्मा मीणा की ओर से रात को झगड़ा करने पर कोठरी बंदकर शॉल से फांसी लगाकर आत्महत्या करना बताया। उसने हथौड़े से कोठरी की सांकल तोडक़र शव उतारना बताया। प्रभुलाल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एएसपी पारसमल जैन, सीआई राजेश यादव मय जाप्ते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की तो उन्हें संदेह हुआ। एफएसएफ टीम में फांसी संबंधी साक्ष्य नहीं मिले। कड़ाई से पूछते ही चुन्नी ने बताया कि धर्मा ने रात को नशे में चरित्र संदेह की बात पर मारपीट करना बताया। मामला बढऩे पर उसने गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
Published on:
06 Nov 2018 04:41 pm
