
गौरव पथ के नाम पर धूल फांकने को मजबूर आमजन, बेपरवाह है पालिका
डॉ. सुशीलसिंह चौहान/ उदयपुर. (भीण्डर). शहरी आबादी को गौरवपथ की सौगात देने वाली सरकार के नुमाइंदे अब इसके निर्माण को लेकर बेपरवाह बन रहे हैं। ऐसा ही आलम भीण्डर नगर पालिका क्षेत्र में निर्माणाधीन राड़ाजी बावजी से रामपोल तक बनाए जा रहे गौरव पथ का है। चार माह पहले शुरू किए गए कार्य का आलम यह है कि बीते चार माह से लोगों को धूल फांकनी पड़ रही है। सडक़ निर्माण के नाम पर मार्ग के किनारे कच्चे-पक्के निर्माण को ध्वस्त कर नगर पालिका ने एकबारगी तो तत्परता का संदेश दिया। हाथोंहाथ दोनों किनारों पर विस्तार के नाम पर ग्रेवल भी बिछाई गई, लेकिन अगले ही पल डामरीकरण को लेकर कार्य की कछुआ चाल ने पालिका की कार्यप्रणाली की कलई खोल कर रख दी। अब निर्माण में देरी से आमजन परेशान हो रहा है। विशेष तौर पर निर्माणाधीन सडक़ के किनारों पर बसे लोग। पड़ताल में सामने आया कि ठेकेदार स्तर पर पालिका में जमा कराए गए प्रथम बिल का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते निर्माण कार्य रोक दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि उक्त सडक़ का प्रस्ताव अविश्वास से पहले के बोर्ड ने लिया था, लेकिन अविश्वास के बाद नए बोर्ड ने प्रस्ताव को अमल में लाते हुए टेंडर प्रक्रिया करके ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी किया था। बोर्ड अध्यक्ष हेमंत तेली सहित 16 पार्षदों ने बजट के अभाव में सडक़ नहीं बनाने को लेकर आपत्ति जताई थी। वर्क ऑर्डर जारी होने के कारण ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया। जानकारों का मानना हैं कि बोर्ड की वजह से ही ठेकेदार का बिल भी अटकाया जा रहा हैं।
बजट खत्म होने का था डर
राड़ाजी बावजी स्थानक से रामपोल बस स्टेण्ड तक एक करोड़ 50 लाख की सडक़ की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर पालिका अध्यक्ष हेमंत तेली ने तत्कालीन कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी मुबारिक हुसैन को पत्र भेजा। बताया कि बजट की उपलब्धता होने पर ही कार्य आदेश जारी किए जाए, लेकिन ईओ ने टेंडर प्रक्रिया हो जाने और पालिका में बजट उपलब्ध होने पर कार्य आदेश जारी किए।
पिछले बोर्ड का था प्रस्ताव
एक किलोमीटर गौरव पथ की स्वीकृति प्रदेश सरकार से मिली थी। जुलाई 2017 में तत्कालीन अध्यक्ष गोवद्र्धन लाल भोई के समय बोर्ड में संबंधित सडक़ के प्रस्ताव लिए गए थे। अविश्वास आने से भोई अध्यक्ष पद से हट गए। नए अध्यक्ष हेमंत तेली की अध्यक्षता में 23 अप्रेल 2018 को हुई बोर्ड बैठक में गत बैठक के प्रस्तावों के अनुमोदन में सडक़ बनाने का प्रस्ताव पर कार्य करने का निर्णय हुआ। इस पर नगर पालिका कार्यालय ने 11 मई को निविदा निकाली। 18 जून को निविदा खुली।
तो होगा महानगर
गौरवपथ के निर्माण की परिकल्पना महानगर की सडक़ जैसी है। राड़ाजी बावजी स्थानक से रामपोल बस स्टेण्ड तक भी गौरव पथ जैसी सडक़ बनने से कस्बे के नजारे में चार चांद और लग जाएंगे। इससे नगर के रामपोल से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में व्यावसायिक व आवासीय कॉलोनी विकसित की गति बढ़ेगी, जिससे भी नगर पालिका में आय के मार्ग खुलेंगे।
आ रही है परेशानी
सडक़ पर पुलिया निर्माण कार्य हो रहा हैं। बजरी की रोकथाम से दिक्कत आ रही है। पहली किश्त के तौर पर निर्माण का बिल पेश किया है। बजट के अभाव में डामरीकरण में परेशानी आ रही है।
मांगीलाल साहू, ठेकेदार, निर्माण एजेंसी
नहीं है सूचना
गौरवपथ निर्माण बंद होने की सूचना नहीं है। बिल हम तक नहीं पहुंचें हैं। जानकारी कराता हूं।
हेंमत तेली, अध्यक्ष नगर पालिका भीण्डर
कराता हूं कार्रवाई
हाल ही में पदभार संभाला है। सडक़ की शिकायतें मिल रही हैं। फाइल मंगवा कर मामले का निस्तारण कराते हैं।
रोहित कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका भीण्डर
Published on:
27 Nov 2018 01:38 pm
