
आबादी बस्ती में पैंथर ने किया श्वान व बकरी का शिकार
उदयपुर/ धरियावद. तहसील के पांचागुड़ा वन क्षेत्र के डाबियाखेड़ा में गुरुवार रात को आबादी बस्ती में दाखिल हुए पैंथर ने एक बकरी व श्वान का शिकार किया। पैंथर की आबादी इलाके में चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना पर वन विभाग के दल ने शुक्रवार को मौका मुआयना किया। दिनभर सर्च ऑपरेशन भी जारी रखा, लेकिन पैंथर का सुराग लगाने में विफल साबित हुए। विभाग को पांचागुडा वनखंड में पैंथर के कुछ पदचिन्ह मिले। इधर, क्षेत्रीय वनअधिकारी दारासिंह राणावत के अनुसार डाबियाखेड़ा में पैंथर ने घर के बाहर श्वान पर हमला किया और उसे जंगल क्षेत्र में ले गया। इसी तरह पैंथर ने पांचागुड़ा में एक बकरी को का शिकार किया। विभाग की ओर से बकरी का पोस्टमार्टम कराया गया। सर्च टीम ने पांचागड़ा वन क्षेत्र में कुछ पदमार्क मिले, लेकिन पैंथर का कोई अता-पता नहीं चला। पांचागुडा वन क्षेत्र में पैंथर की दस्तक एवं मवेशियों पर हमले की सूचना पर डीएफओ संग्रामसिंह भी मौके पर पहुंचे तथा सर्च ऑपरेशन में लगी टीम से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विभाग की ओर से पैंथर भ्रमण क्षेत्र के समीप बस्ती के ग्रामीणों को एहतियात के तौर पर रात के समय घर से अकेले नहीं निकलने के निर्देश दिए।
Published on:
13 Jul 2019 06:00 am
