
बच्चों से लेकर बड़ों पर चढऩे लगी चुनावी खुमारी, दिखने लगा चुनाव का धूम धड़ाका
उदयपुर.नगर निगम चुनाव के लिए मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही प्रचार का माहौल तेज हो गया है। राजनीतिक पार्टियों से लेकर निर्दलीय भी समर्थकों के साथ वार्ड में डट गए है। एक-एक वोट को साधने के लिए रणनीति बनाकर नेता और समर्थक प्रचार में लगे हुए है। वार्ड में जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं हो रही है। सुबह-शाम घर- घर जन सम्पर्क हो रहा है तो दिन में गली मोहल्लों और बाजार में प्रत्याशी अपनी टीम के साथ हाथ वोट की अपील कर रहे हैं। राजनीतिक पाटियों के प्रत्याशी अपने से बड़े नेता को लाकर सभा करवाने में जोर लगा रहे हैं ताकि चुनावी माहौल बनाकर विपक्षी और निर्दलियों को पछाड़ा जा सके। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी चुनावी रंग में रंगे नजर आने लगे हैं। बच्चे भी राजनीतिक दलों के हाथों में झंडे, गले में दुपट्टे डालकर चुनावी प्रचार का आनंद ले रहे हैं।
अल-सुबह से रात तक दौड़,नींद गायब..
नामांकन भरने के बाद से ही प्रत्याशियों की नींद उड़ गई है। अलसुबह जल्दी उठने के साथ ही रात को कब सोना है यह तय नहीं। पार्टी के कार्यकर्ता भी पूरी ताकत से अपने प्रत्याशी को अपने क्षेत्र से लीड दिलाने के लिए वोट मांग रहे हैं। नारे और जयकारों के साथ देवी देवताओं के धोक देने के बाद घर-घर वोट मांग रहे हैं। बड़ो के चरण छू कर तो हम उम्र से गले लगकर प्रत्याशी लाज रखने की बात करते नजर आ रहे हैं।
निकाल रहे रिश्तेदारी, समस्या हल करने का वादा
वार्ड में जनसम्पर्क के दौरान लोगों की जो भी समस्या सामने आ रही है उसे हल करने के लिए प्रत्याशी हाथों हाथ वादा करने से नहीं चूक रहे है कि जीत गया तो पहला काम यही करूंगा। इस पर लोग यह कहते हुए चटकारे लगाने से भी नहीं चूक रहे हैं कि पहले वाले भी यही कहते थे। कुछ प्रत्याशी तो वार्ड में रिश्तेदारियां निकालकर भी वोट मांग रहे हंै। समाज के प्रबुद्धजनों का आशीर्वाद लेकर नाव पार लगाने में सहयोग करने को कहते दिख रहे है।
चबूतरियों पर चाय-पानी
भीतरी शहर के वार्डो में प्रचार के दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थक किसी मतदाता के घर के बाहर चबूतरियों पर बैठकर ही पानी मंगवाकर पी रहे हैं तो कहीं कहीं पर चाय का इंतजाम करते हुए जमकर माहौल बनाने में लगे हैं। गली और मोहल्लेवार टीमें बना दी है ताकि विपक्षी की घुसपैठ नहीं हो।
Updated on:
08 Nov 2019 08:05 pm
Published on:
08 Nov 2019 08:05 pm
