11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर : ‘उद्यमी ही संभाले कमान…’ की सोच के साथ युवा टीम को मिला नेतृत्व

उदयपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (यूसीसीआई) के सत्र 2026-27 के चुनाव में उद्यमी संदीप बापना अध्यक्ष निर्वाचित हुए। 92 प्रतिशत मतदान के बीच युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए अंशुल मोगरा वरिष्ठ उपाध्यक्ष और कपिल सुराणा उपाध्यक्ष चुने गए।

2 min read
Google source verification
ucci udaipur election

अंशुल मोगरा, संदीप बापना, कपिल सुराणा

उदयपुर. दक्षिण राजस्थान के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन उदयपुर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (यूसीसीआइ) के चुनाव बुधवार को हो गए। यूसीसीआइ भवन में हुई वार्षिक साधारण सभा की बैठक में प्रक्रिया पूरी की गई। संदीप बापना सत्र 2026-27 के लिए यूसीसीआई के अध्यक्ष चुने गए। इस बार के चुनाव में उद्यमी को ही यूसीसीआइ की कमान सौंपे जाने की सोच के साथ वोटिंग हुई, जिसके पीछे पूर्व अध्यक्षों की अहम भूमिका रही। सभी ने मिलकर युवा टीम को नेतृत्व सौंप दिया। निवर्तमान अध्यक्ष मनीष गलूंडिया ने पुन: निर्वाचित होने का प्रयास किया, पर सर्विस सेक्टर से होने से सफल नहीं हो पाए। एमएसएमई और स्मॉल स्कैल इंडस्ट्री से जुड़े सदस्यों का साथ था, पर उनकी संख्या कम होने से जीत दर्ज नहीं कर पाए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप के पिता बीएच बापना यूसीसीआइ संरक्षक हैं। चुनाव अधिकारी बीआर भाटी ने निर्वाचन की घोषणा की।

इस तरह से रही प्रक्रिया

01 बजे दोपहर से ऑनलाइन वोटिंग

04 बजे अपराह्न वोटों की गणना

547 कुल सदस्य है यूसीसीआई के

506 सदस्यों ने किया था मतदान

92 प्रतिशत रहा कुल मतदान

सभा में रखा हिसाब

सभा के आरम्भ में अध्यक्ष मनीष गलुण्डिया ने वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों में हुई गतिविधियों का उल्लेख किया। मानद महासचिव आशीष छाबड़ा ने पिछले साल की साधारण सभा की बैठक के मिनिट्स पेश किए। मानद कोषाध्यक्ष हसीना चक्कीवाला ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक लेखा-जोखा पेश किया। कोषाध्यक्ष ने बजट भी पेश किया, जिसका साधारण सभा ने अनुमोदन किया।

इस तरह से रहे परिणाम

अध्यक्ष: संदीप बापना

वरिष्ठ उपाध्यक्ष: अंशुल मोगरा और उपाध्यक्ष कपिल सुराणा

कार्यकारिणी सदस्य

- (बड़े एवं मध्यम उपक्रम श्रेणी में) सुनील लूणावत, जयरामन विश्वनाथन, केजी गुप्ता, राजेन्द्र कुमार हेड़ा, बीएल डागलिया।

- (लघु एवं माइक्रो उपक्रम श्रेणी से) सिद्धार्थ चौधरी, हितेश गांधी, अभिषेक जैन, राजेश खमेसरा, संजय नागौरी, दीपक भंसाली, पंकज मांडावत, प्रकाश अग्रवाल, सुरेश कुमार जैन, हितेश पटेल, सिद्धार्थ चतुर, परीक्षित तलेसरा, राकेश चैधरी, मोहित सिंघवी।

- ट्रेडर्स (व्यापारी) वर्ग में अरविन्द अग्रवाल, पनिल पोखरना, राहुल शाह एवं सुभाष सिंघवी।

- प्रोफेशनल्स तथा शैक्षणिक संस्थान वर्ग में सुधीर मेहता, अभिनव मंत्री।

- महिला सदस्य वर्ग में शुभ्रा जोशी और सीमा पारीक।

- मेम्बर बाॅडिज एवं एसोसिएशन वर्ग में दिनेश चन्द्र झंवर, रौनक कोठारी व ओमप्रकाश नागदा।

- पूर्व अध्यक्ष श्रेणी से रमेश कुमार सिंघवी व संजय सिंघल।

इनका कहना है

इस साल उदयपुर संभाग के उद्यमियों एवं व्यवसायियों की विभिन्न कठिनाइयों को दूर करने का संकल्प लेते हैं। उद्योग जगत एवं शासन के मध्य समन्वय स्थापित करके सदस्यों की औद्योगिक व व्यावसायिक समस्याओं का निराकरण उनकी सर्वोच्च प्रथमिकता रहेगी। यूसीसीआइ के माध्यम से हम विभिन्न सरकारी विभागों के साथ सामंजस्य स्थापित कर सदस्यों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभागों में यूसीसीआइ का प्रभाव बनाने और प्रतिनिधित्व कायम करने के लिए प्रयास करेंगे। उद्यमिता को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम करने और लघु उद्योग इकाइयों के लाभार्थ उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने का प्रयास रहेगा।

संदीप बापना, नवनिर्वाचित अध्यक्ष