
SDM Slapping Case : टोंक हिंसा सुर्खियों में है। देवली-उनियारा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा के एसडीएम को थप्पड़ मारने की घटना पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपनी नाराजगी जताई। साथ ही इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए टोंक हिंसा की सबको निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा इस पर कानून सम्मत कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यपालिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था से चुने गए प्रतिनिधि हम सब एक ही गाड़ी के पहिए के रूप में मिलकर काम करेंगे तो बेहतर काम हो सकता है। हमारे वैचारिक या कार्य प्रकृति को लेकर मतभेद हो सकते हैं लेकिन इस तरह के कृत्य लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हैं।
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के 'बटेंगे तो कटेंगे' वाले नारे पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा भारत की गंगा-जमुनी संस्कृति में अगर हम बंटेंगे तो निश्चित रूप से बंटेंगे भी और कटेंगे भी। भारत का पिछला 1500 साल पुराना नक्शा उठाकर देख लीजिए, जहां-जहां बंटे हैं, वहां-वहां हम कटते गए। इसलिए हम नहीं बंटे, संगठित रहें। ये नारा नहीं विचार है।
मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 'बटेंगे तो कटेंगे' कहीं से हिंदू-मुस्लिम विषय नहीं है। भारत के इतिहास के दृष्टिकोण से देखें तो जिस क्षेत्र में भारत में हिंदू जनसंख्या कम हुई है, वो हिस्सा भारत से कटा है, चाहे अफगानिस्तान हो, पाकिस्तान हो। बाद में कश्मीर में भी अलगाव की राजनीति करने की कोशिश की गई थी।
राजस्थान में सात सीटों पर हुए उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जनता ने भजनलाल सरकार को जीत का सर्टिफिकेट दे दिया है। हम एक से अनेक होने वाले हैं। इन सात सीटों में से भाजपा की एक ही सलूंबर सीट थी बाकी चार कांग्रेस, एक बीएपी और एक राष्ट्रीय लोकतांत्रित पार्टी की थी। अब उपचुनाव बाद हम एक से अनके सीट पर विजय होंगे।
Updated on:
17 Nov 2024, 2:54 PM IST
Published on:
17 Nov 2024, 2:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.