
Police Jawan's death from Swine Flu, Burhanpur came to give duty
उदयपुर . तापमान में आई कमी से फिर स्वाइन फ्लू वायरस ने उदयपुर जिले में दस्तक दी है। मल्लातलाई निवासी 10 वर्षीय किशोर को महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय के स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती करवाया गया। हालत में सुधार नहीं देखते हुए परिजनों की जिद पर चिकित्सकों ने बुधवार को उसे अहमदाबाद के लिए रैफर किया । दूसरे दिन गुरुवार को स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते एक युवक वार्ड में भर्ती हुआ। उसके रक्त एवं स्वाब नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। इधर, लगातार दो मरीजों के सामने आने के बाद चिकित्सालय प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं, जबकि जिले का चिकित्सा विभाग मौसम परिवर्तन के साथ स्वाइन फ्लू की दस्तक को लेकर अनभिज्ञ बना हुआ है।
चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ रहे तीमारदार
उदयपुर. आरएनटी मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित महाराणा भूपाल एवं पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय में रोगियों के तीमारदार व्यवस्था पर भारी पड़ रहे हैं। गुरुवार को एक ही दिन में चिकित्सकों एवं होमगार्ड के साथ तीमारदारों की झड़पों की तीन घटनाओं से चौकी पुलिस की चिंताएं बढ़ गई हैं। आए दिन होने वाली झड़पों को लेकर चिकित्सालय प्रशासन के स्तर पर भी मंथन जारी है, हालांकि समस्या के स्थायी समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा सके हैं। एमबी हॉस्पिटल के कॉर्डियोलॉजी विभाग में वैन पलटने से घायल युवक के परिजन परामर्श एवं उपचार को लेकर चिकित्सक से उलझ पड़े। सुबह करीब 11 बजे मामला चौकी पुलिस के पास पहुंचा। रेजिडेंट ने तीमारदारों की परेशानी समझते हुए मामले को तूल नहीं देकर समाप्त कर दिया। इसी तरह बाल चिकित्सालय में तीमारदार एवं नर्सेज स्टाफ के बीच जोरदार बहस हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मरीज व तीमारदार शांत हो गए। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। इधर, जनाना चिकित्सालय में लेबर कक्ष से पहले गेट पर महिला होमगार्ड से सुबह तीमारदार का वार्ड में जाने को लेकर विवाद हो गया। महिला होमगार्ड भावना की सूचना पर चौकी पुलिस के जवानों ने तीमारदार के साथ समझाइश की कोशिश की मगर अडिय़ल रुख अपनाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
अधिकतर मामलों में तीमारदारों के साथ समझाइश की कोशिश करते हैं। अडिय़ल रवैये वाले लोगों के साथ सख्ती से पेश आना पड़ता है। पहले की अपेक्षा इन दिनों में ऐसी शिकायतें ज्यादा ही मिल रही हैं।
डालचंद्र मेघवाल, एएसआई, एमबी हॉस्पिटल चौकी
Published on:
01 Dec 2017 03:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
