
उदयपुर. नगर निगम से 8 दिन पूर्व एपीओ हुए कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) द्वारा छुट्टी के दिन शनिवार शाम को नगर निगम कार्यालय खुलवाकर कम्प्यूटर से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। नियम-कायदों का उल्लंघन करते हुए जेईएन ने कम्प्यूटर की hard disk से छेड़छाड़ की। हालांकि, देर रात तक निगम के उच्चाधिकारी अपना पक्ष देने से कतराते रहे। निगम की उद्यान शाखा में लगे चौकीदार ने जेईएन के दो बार आने एवं कक्ष खुलवाकर कम्प्यूटर पर कुछ करने की पुष्टि की है। पत्रिका टीम के मौके पर पहुंचने से पहले वे मौके से खिसक लिए।
पत्रिका को शाम 7.28 बजे सूचना मिली कि निगम से रिलीव हो चुका उद्यान शाखा का जेईएन गिरिराज माली अपने पूर्व कक्ष को चौकीदार से खुलवा कर कम्प्यूटर से छेड़छाड़ कर रहा है। सूचना पर पत्रिका की टीम तत्काल नगर निगम पहुंची। उद्यान शाखा के बाहर खड़े चौकीदार खेमराज से पूछा कि आज छुट्टी है और रात हो गई फिर भी ऑफिस क्यों खोला तो बोला कि जेईन साहब माली जी आए। इससे पहले पत्रिका की ओर से पूछे गए अन्य सवालों के बीच चौकीदार एकाएक हड़बड़ा गया और संभलते हुए बोला।
एक घंटे पहले आए, बोले कम्प्यूटर वाले को लाता हूं
खुद को अनपढ़ बताते हुए गार्ड ने कहा कि मुझे गेट खोलने को कहा तो मैंने खोला। एक घंटे पहले भी आए, तब यह बोलकर गए कि कम्प्यूटर वाले को लेकर आता हूं। बाद में शाम करीब 7.15 बजे जेईएन माली पुन: एक लडक़े को लेकर आए। लडक़ा और वह कम्प्यूटर पर कुछ कर रहे थे तो वह बाहर आ गया। जानकारों के अनुसज्थर जेईएन उसी कम्प्यूटर सिस्टम पर बैठता था और उसकी Hard Disk से छेड़छाड़ करने ही गया था।
न फोन उठाया, कर दिया स्विच ऑफ
मामला उजागर होने की आशंकाओं के बीच कनिष्ठ अभियंता ने खुद का मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया और रात को पत्रिका ने उसका पक्ष जानने उनको कई बार फोन किए लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। पत्रिका ने उसे एसएमएस के जरिए संदेश भी भेजा लेकिन उसने सम्पर्क नहीं किया और रात 9.40 बजे बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया।
रिलीव भी हो गया, ज्वॉइनिंग भी की जयपुर
उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी को ही सरकार ने एक आदेश जारी किया जिसमें निगम के पांच कार्मिकों को एपीओ किया था। इनमें कनिष्ठ अभियंता गिरिराज माली भी शामिल था। उसके पास उद्यान शाखा व कुछ वार्ड के काम थे। माली को रिलीव कर दिया गया था और बताया गया कि माली ने जयपुर में ज्वॉइनिंग भी दे दी।
कहता है कायदा
कार्मिक के रिलीव होने के बाद उस कम्प्यूटर व कक्ष से उसका कोई वास्ता नहीं होता है। अवकाश के दिन स्वयं ताले खुलवाकर अंदर आना सेवा नियमों का उल्लंघन है। पुलिस के अनुसार रिकार्ड चोरी के मामले में आईपीसी की धाराएं व रिकार्ड से छेडख़ानी में आईटी एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई होती है।
ऐसे तो नहीं खुलवा सकते कार्यालय
रिलीव होने के बाद इस तरह अपने स्तर पर कोई ऑफिस नहीं खुलवा सकता है। अगर, ऐसा है तो पूरा मामला दिखवाता हूं। - ओ.पी. बुनकर,आयुक्त, नगर निगम उदयपुर
Published on:
24 Feb 2019 03:38 pm
