28 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर: डेढ़ लाख में बहन का सौदा! बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले गया भाई, गांव लौटते ही खुला राज

उदयपुर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में एक युवती को उसके चचेरे भाई द्वारा अहमदाबाद ले जाकर 1.50 लाख रुपए में बेचने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती को एक फैक्ट्री कर्मचारी को सौंप दिया, जिसने उसे 5 दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ गंभीर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना की।
2 min read
Google source verification
udaipur cousin lured sister to ahmedabad

उदयपुर में डेढ़ लाख में बहन का सौदा (फोटो-एआई)

Udaipur Human Trafficking: उदयपुर जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। एक शादीशुदा युवती को उसके चचेरे भाई द्वारा बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले जाने और वहां डेढ़ लाख रुपए में एक युवक को सौंपने का सनसनीखेज आरोप लगा है।

पीड़ित युवती का आरोप है कि वहां उसे पांच दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान उसके साथ जबरन गलत काम किया गया। युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर 25 अगस्त को अपने गांव पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के काका का लड़का यानी उसका चचेरा भाई उसे 19 अगस्त को बहला-फुसलाकर अहमदाबाद ले गया था। आरोप है कि अहमदाबाद ले जाकर उसने एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक के साथ पीड़िता का सौदा कर दिया और इसके एवज में 1.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी युवक पीड़िता को जबरन अपने कमरे पर ले गया।

कमरे में बंधक बनाकर रखा

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे करीब पांच दिनों तक कमरे में बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसके साथ लगातार गलत काम किया गया। पीड़िता द्वारा बाहर निकलने या घटना की जानकारी किसी अन्य को देने और कानूनी कार्रवाई करने की कोशिश करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं। तमाम पाबंदियों के बावजूद, 25 अगस्त को युवती किसी तरह आरोपी के कब्जे से निकल भागने में सफल रही और अपने गांव पहुंचकर परिजनों को सारी घटना बताई।

26 अगस्त को थाने में दर्ज कराया केस

आपबीती सुनने के बाद परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत पीड़िता को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। 26 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे बाघपुरा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया। इससे पूर्व पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक को भी परिवाद सौंपा था, जिसके बाद पुलिस उप अधीक्षक के माध्यम से मामले को बाघपुरा थाने स्थानांतरित कर जांच शुरू की गई।

क्या बोले थानाधिकारी

थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा के अनुसार, पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी चचेरे भाई से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में संलिप्त फैक्टरी कर्मचारी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम जल्द ही अहमदाबाद भेजी जाएगी। पुलिस फिलहाल पैसों के लेनदेन, युवती को अहमदाबाद ले जाने के कारणों और घटना से जुड़े सभी अन्य तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।