
मेनार हाईवे पर भीषण हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस। फोटो: पत्रिका
Udaipur Road Accident: उदयपुर। खेरोदा थाना क्षेत्र के मेनार डाक बंगला के समीप उदयपुर-चित्तौड़ सिक्सलेन हाईवे पर बुधवार शाम 4 बजे ओवरटेक के प्रयास में सवारियों से भरी निजी बस की कंटेनर से भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर और 12 से अधिक घायल हो गए। गंभीर घायलों को रैफर किया गया है। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि हादसे में शोभागपुरा (उदयपुर) निवासी भगवान लाल डांगी, पहाड़ा (उदयपुर) निवासी बंशीलाल टेलर की मौत हो गई। देर शाम तक मृतक एक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। 4 गंभीर रूप से घायल है, जिनका सरकारी एवं निजी चिकित्सालय में इलाज जारी है। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और हाईवे पेट्रोल टीम, खेरोदा पुलिस टीम ने घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की मदद से तत्काल चिकित्सालय पहुंचाया। गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है।
बस चालक की ओर से तेज गति और लापरवाही से ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान बस साइड में खड़े कंटेनर के पीछे जा टकराई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का 8 फिट तक हिस्सा कुर्सियां और साइड का पूरा हिस्सा उखड़ गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और हाहाकार की स्थिति बन गई।
करीब 35 यात्रियों से भरी बस चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ से उदयपुर की तरफ जा रही थी। मेनार डाक बंगले के सामने तेज रफ्तार बस ओवरटेक करने के चक्कर में आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस की छत और कंडक्टर साइड का पूरा हिस्सा उखड़ गया। बस की सीटें टूटकर सड़क पर बिखर गईं। बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम और पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया तथा यातायात व्यवस्था सुचारु कराया। हादसे के कारण हाईवे पर एक घंटे के लिए यातायात प्रभावित रहा। हादसे के वक्त बस में करीब 35 से 40 सवारियां थीं। यदि यही हादसा सुबह के समय होता तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।
बस में सवार यात्री राकेश तेली ने हादसे के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि चालक तेज गति से बस चला रहा था और ओवरटेक करने के प्रयास में उसने सड़क किनारे साइड में खड़े कंटेनर के पीछे बस को टक्कर मार दी। चालक का ध्यान वाहन चलाने पर नहीं था और तेज गति व लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
Updated on:
27 Aug 2026 08:14 am
Published on:
27 Aug 2026 08:13 am
