
परिजनों का हंगामा (फोटो- पत्रिका)
झाड़ोल (उदयपुर): फलासिया तहसील मुख्यालय पर संचालित निजी क्लीनिक पर इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज की मौत का मामला सामने आया है। तहसील मुख्यालय पर संचालित निजी क्लीनिक शंभू मेडिकल पर गुरुवार को अर्जुनलाल गरासिया (45) पिता भीमराज गरासिया निवासी आमड़ा दांत दर्द का इलाज कराने गया।
बता दें कि जहां डॉ. राजेन उपाध्याय ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और मौत हो गई। चिकित्सक शव को छोड़कर पुलिस थाना पहुंच गया। जहां घटना की जानकारी देते हुए मरीज को इंजेक्शन नहीं लगाना बताया।
इधर, मामले को लेकर परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर के गलत इंजेक्शन से अर्जुनलाल की तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। घटना के बाद निजी क्लीनिक के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने चिकित्सक की लापरवाही से मरीज की मौत होने का आरोप लगाते हुए मृतक के शव को क्लीनिक पर ही रखकर मुआवजे की मांग की।
सूचना पर झाड़ोल पुलिस उपाधीक्षक नेत्रपाल सिंह, फलासिया थानाधिकारी सीताराम मीणा, फलासिया ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश गरासिया, फलासिया चिकित्साधिकारी डॉ. कपिल शर्मा मामले की जांच के लिए पहुंचे और बताया कि गलत इंजेक्शन से मरीज की मौत के मामले की जांच कर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ अशोक आदित्य ने कहा, झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
मगवास स्थित रोहन मेडिकल स्टोर पर जांच में चिकित्सा करने के लिए अधिकृत व्यक्ति नहीं मिला और शंभु मेडिकल स्टोर फलासिया पर मरीज की मौत पर जांच करने पर अनाधिकृत एलोपैथिक दवाओं से इलाज करना पाया। दोनों स्टोर से दवाएं जब्त कर एफआइआर दर्ज कर गिरफ्तार करवाया।
Updated on:
22 Aug 2025 12:18 pm
Published on:
22 Aug 2025 12:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
