
आर.के. सर्कल से शोभागपुरा मार्ग के बीच बना नया चौराहा, इसमें एक तरफ की रोड खुलनी है बाकी। फोटो पत्रिका
Udaipur Road : उदयपुर शहर के तेजी से विकसित हो रहे शोभागपुरा-केशवनगर क्षेत्र में महत्वपूर्ण 80 फीट लिंक रोड का निर्माण महज 600 मीटर जमीन के विवाद और अधिग्रहण की प्रक्रिया में अटका हुआ है। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने आर.के. सर्कल से शोभागपुरा 100 फीट रोड के बीच नया चौराहा बनाकर तीन दिशाओं में यातायात सुगम कर दिया है, लेकिन केशवनगर-चंदनवाड़ी मार्ग नहीं जुड़ पाने से यह कनेक्टिविटी अभी अधूरी है। यदि यह मार्ग पूरा बन जाता है तो आसपास की कॉलोनियों के करीब 50 हजार लोगों को सीधे शोभागपुरा रोड और यूनिवर्सिटी रोड तक आसान आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
प्रस्तावित योजना के अनुसार यह सड़क शोभागपुरा 100 फीट रोड स्थित आगामी मेवाड़ सर्किल से करीब 400 मीटर पहले बनने वाले चौराहे से निकलेगी। यह मार्ग अशोका पैलेस के पास से शुरू होकर चंदनवाड़ी, अमरूदों की बाड़ी और ऐश्वर्या कॉलेज के बाहर से होते हुए यूनिवर्सिटी रोड से जुड़ेगा। कुल लगभग डेढ़ किमी लंबे इस मार्ग का बड़ा हिस्सा पहले ही बन चुका है, लेकिन कुछ हिस्सों में जमीन संबंधी अड़चनें होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
यूडीए की योजना के अनुसार करीब 900 मीटर तक 80 फीट चौड़ी सड़क पहले ही बन चुकी है। अब केवल 600 मीटर हिस्से को विकसित करना बाकी है। इस 600 मीटर में भी करीब 300 मीटर हिस्सा सरकारी जमीन पर है, जबकि शेष 300 मीटर निजी खातेदारों की भूमि है, जिसके अधिग्रहण और सहमति की प्रक्रिया चल रही है। कुछ हिस्सों में जमीन का कन्वर्जन और पंचायत स्तर के मामलों के कारण भी काम रुका हुआ है। यही कारण है कि अधिकांश सड़क बनने के बावजूद यह महत्वपूर्ण लिंक रोड अभी तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है।
अशोका पैलेस से राजदरबार रेस्टोरेंट तक लगभग 140 मीटर हिस्सा पहले से 80 फीट चौड़ा है। इसके आगे करीब 100 मीटर खेत का हिस्सा है, जहां कन्वर्जन की प्रक्रिया शेष है। इसके बाद ट्रिनिटी रेजिडेंसी से चंदनवाड़ी तक लगभग 240 मीटर लंबाई में 80 फीट सड़क पहले से मौजूद है। इसके आगे करीब 200 मीटर विवादित भूमि का हिस्सा आता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग पिछले करीब दस वर्षों से की जा रही है। नागदा गली से लेकर रूपसागर, केशवनगर और अशोक विहार तक हजारों परिवार निवास करते हैं, लेकिन यहां कोई चौड़ी लिंक रोड नहीं होने से लोगों को संकरी गलियों से होकर गुजरना पड़ता है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
यदि यह 80 फीट सड़क पूरी तरह बन जाती है तो क्षेत्रवासियों को सीधे शोभागपुरा 100 फीट रोड और यूनिवर्सिटी रोड तक पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इससे मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और क्षेत्र में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।
क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन पर्याप्त चौड़ी सड़क नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से इस सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
राकेश जैन, मंडल महामंत्री भाजपा व निवर्तमान पार्षद
शोभागपुरा 100 फीट रोड से चंदनवाड़ी होते हुए यूनिवर्सिटी रोड तक प्रस्तावित सड़क क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है। महज 600 मीटर की अड़चन दूर होते ही हजारों लोगों को सीधा मार्ग मिल जाएगा।
रजनीश शर्मा, न्यू अशोक विहार
1- कुल प्रस्तावित लंबाई - 1.5 किलोमीटर
2- 80 फीट सड़क पहले से बनी-900 मीटर
3- विकसित किया जाना बाकी- 600 मीटर
4-300 मीटर सरकारी भूमि और 300 मीटर निजी भूमि।
Updated on:
16 Mar 2026 09:42 am
Published on:
16 Mar 2026 09:42 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
