
उदयपुर में पर्यटन स्थलों की पार्किंग महंगी (पत्रिका फोटो)
Udaipur Parking New Rates: उदयपुर शहर के प्रमुख पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर वाहन पार्किंग अब पहले से महंगी हो गई है। नगर निगम की ओर से करीब 10 महीने पहले तय की गई नई पार्किंग दरें टेंडर लागू होने के साथ ही प्रभावी हो गई हैं। नई व्यवस्था के तहत पार्किंग स्थलों को 'ए' और 'बी' श्रेणी में बांटते हुए प्रति घंटा शुल्क निर्धारित किया गया है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय वाहन चालकों दोनों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
नगर निगम की ओर से 28 अगस्त, 2025 को समिति बैठक में शहर की पार्किंग को व्यवस्थित करने और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से नई दरों को मंजूरी दी गई थी। इसके अनुसार प्रमुख और अधिक व्यस्त पार्किंग स्थलों को 'ए' श्रेणी तथा अन्य पार्किंग स्थलों को 'बी' श्रेणी में रखा गया। समिति ने नई निविदाओं में इन्हीं दरों को आधार बनाने का निर्णय लिया था।
नई दरों के अनुसार 'ए' श्रेणी की पार्किंग में साइकिल के लिए 5 रुपए, दोपहिया वाहन के लिए 10 रुपए, कार-जीप के लिए 20 रुपए तथा मिनी बस-बस के लिए 50 रुपए प्रति घंटा शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं 'बी' श्रेणी में यही शुल्क क्रमशः 2, 5, 10 और 30 रुपए प्रति घंटा रहेगा। यह शुल्क पहले दो घंटे के लिए निर्धारित था।
नई व्यवस्था में मासिक पास की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले सभी श्रेणी की पार्किंग के लिए मासिक पास 700 रुपए दुपहिया और 1200 रुपए चार पहिया के लिए निर्धारित था, अब इसे बढ़ाकर ए श्रेणी की पार्किंग के लिए क्रमशः 1500 और 3000 हजार रुपए और बी श्रेणी की पार्किंग के लिए 1000 और 2000 रुपए कर दिया गया है।
उदयपुर शहर में नगर निगम की ओर से 16 पार्किंग स्थल हैं। इनमें से 7 ए श्रेणी और 9 बी श्रेणी की पार्किंग हैं। ए श्रेणी में माणिक्यलाल वर्मा पार्क दीनदयाललार्क व दूधतलाई पाल, आसींद की हवेली ऊपरी तल, आसींद की हवेली भूमि तल, पीडब्ल्यूडी मोटर गैराज के पास, चांदपोल पार्किंग, गुलाबबाग में पीएचईडी कार्यालय के पास, हाथीपोल चौराहा पार्किंग शामिल है।
इसी प्रकार बी श्रेणी में जोधपुर मिष्ठान के पास, बैंक तिराहा, टाउन हॉल हाथीवाला पार्क बेसमेंट पार्किंग, देहलीगेट पार्किंग, सेवाश्रम चौराहा, हाथीपोल सब्जी मंडी, सूरजपोल पजल पार्किंग, लवकुश पजल पार्किंग, लवकुश स्टेडियम के पास, नाड़ाखाड़ा आदि शामिल है।
Published on:
21 Jun 2026 09:47 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
