28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मावठ, कोहरे और सर्द हवा की चपेट में मेवाड़, रात जितना ठंडा दिन

उदयपुर. अरब सागर से उठे चक्रवात ओखी का असर उदयपुर सहित मेवाड़ पर बुधवार को भी बना रहा।

3 min read
Google source verification
winter weather in udaipur

उदयपुर . अरब सागर से उठे चक्रवात ओखी का असर उदयपुर सहित मेवाड़ पर बुधवार को भी बना रहा। शहर का अधिकतम साढ़े तीन डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान के बराबर हो गया। नतीजतन दिन-रात एक जैसी सर्दी और ठिठुरन रही। मावठ और सर्द हवा के बीच जनजीवन ऊनी कपड़ों और लबादों में लिपटा-सिमटा रहा।
डबोक स्थित मौसम विभाग कार्यालय के अनुसार अधिकतम 15 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें बीते 24 घंटे के मुकाबले साढ़े तीन डिग्री की गिरावट थी।

दूसरी ओर न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि एक दिन पहले (13.6) के मुकाबले इसमें आधा डिग्री की बढ़त देखी गई। तापमान में महज .8 डिग्री का अंतर था। दूसरी ओर, सीटीएई में अधिकतम तापमान 19.5 व न्यूनतम 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी होती है, जबकि दिन का तापमान तेजी से गिरता है। दूसरी ओर, जिले में भी मौसम का असर दिखा। हालांकि किसानों के अनुसार मावठ से फसल को फायदा है।

कई फ्लाइट्स रुकीं, बारह बजे बाद सिर्फ एक आई और गई
खराब मौसम का असर बुधवार दोपहर बाद उदयपुर आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर दिखा। मध्याह्न 12 बजे बाद से रात तक सिर्फ एक विमान डबोक एयरपोर्ट पर उतरा और लौटा। इसके अलावा किसी की भी लैंडिंग नहीं हुई। इंडिगो के तीनों विमान निरस्त कर दिए गए। मौसम इतना खराब था कि रनवे पर कुछ नहीं दिख रहा था। विमान डबोक एयरपोर्ट पर आसमान में ही चक्कर लगाते रहे। आखिरकार इन्हें अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा। मुंबई से शाम को उदयपुर आने वाला विमान भी एयरपोर्ट तो पहुंचा, लेकिन एटीएस ने उतरने की स्वीकृति नहीं दी।

READ MORE: उदयपुर में शिल्पग्राम उत्सव का आगाज...लोकोत्सव के लिए सजने-संवरने लगा शिल्प ग्राम

इसे अहमदाबाद के लिए डायवर्ट किया गया। इस बीच इसी विमान से मुंबई जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे। कुछ को आगे मुंबई से कनेक्टिंग विमान से आगे जाना था, उन्हें हाथोंहाथ कार से अहमदाबाद ले जाया गया। वहां से मुंबई भेजा गया। एक यात्री ने बताया कि विमान को अहमदाबाद डायवर्ट करते समय एक वीआईपी चार्टर को उतरने की स्वीकृति दी गई थी। शाम को एक विमान अहमदाबाद से उदयपुर पहुंचा और यात्रियों को लेकर मुंबई रवाना हुआ। इंडिगो कंपनी के दिल्ली व मुंबई से आने और लौटने वाले तीनों विमान खराब मौसम के कारण निरस्त कर दिए।


धूजते-कांपते स्कूल पहुंचे बच्चे
खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर दिखा। छोटी कक्षाओं के विद्यार्थी सुबह धूजते-कांपते स्कूल पहुंचे। ऑटो के लिए इंतजार करते ये मासूम ऊनी कपड़ों, स्वेटर-ब्लेजर के साथ टोप से कवर रहे। जिन स्कूलों में टेस्ट नहीं हैं, उनके कुछ बच्चों ने ड्रॉप कर लिया। दूसरी ओर, सरकारी कार्यालयों के बाहर थडिय़ों पर भी मौसम ही चर्चा का विषय बना रहा। उधर, प्रतापगढ़ जिला कलक्टर नेहागिरि ने दो दिन का अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार जिले के राजकीय और निजी विद्यालयों में पहली से पांचवीं तक के बच्चों की गुरुवार और शुक्रवार को छुट्टी रहेगी।

READ MORE: RUCHITA JAIN MURDER CASE: न्यायालय ने दिव्य को लेकर अब कही ये बात, आवेदन किया खारिज


घरों में राब, गजक और तिल की महक
मौसम का असर अब खान-पान पर भी दिखने लगा है। मक्का की राब के अलावा बाजार में खजूर, गुड़, गजक, तिल, छुहारे आदि का उठाव बढ़ा है। उधर, समोर बाग और टाउनहॉल के वुलन मार्केट में ऊनी कपड़ों की खरीदारी बढ़ गई। ज्यादातर शहरवासी इन्हीं स्थानों से खरीदारी करते हैं। तिब्बतियों के अनुसार, अब तक गर्म कपड़ों की खरीद ठीकठाक चल रही थी, लेकिन पिछले दिनों से बढ़ी सर्दी ने ग्राहकी बढ़ा दी है। टाउनहॉल में भी खरीदारी बढ़ी है।


ऊनी कपड़ों में लिपटा-सिमटा रहा जनजीवन

तीसरे दिन भी सूरज नहीं दिखा। सुबह मन मारकर रजाई-कंबल छोड़े। घरों से निकले तो ऊनी कपड़े भी ठंड से हार गए। जब-तब गिरती फुहारों के साथ ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया। सर्द हवा नश्तर की तरह चुभती रही। ज्यादातर शहरवासी सुबह देर तक घरों से बाहर नहीं निकले और शाम होते ही वापसी भी कर ली। उधर, पर्यटकों ने भी पूरी तैयारी के साथ शहर के इस मौसम का लुत्फ उठाया। फतहसागर, पिछोला, सहेलियों की बाड़ी सहित सभी टूरिस्ट प्वाइंट्स पर चाय-कॉफी और गरमागरम नाश्ते-खाने की डिमांड बढ़ गई। उधर, सोशल मीडिया पर भी मौसम ही टॉप ट्रेंड पर रहा। संदेशों में मौसम के बदले मिजाज चर्चा में रहे।