उज्जैन. धार्मिक यात्रा में बिछड़े लोग काफी प्रयासों से मिल पाते है, लेकिन शैव महोत्सव में लापता हुए एक बुजुर्ग पत्रिका समाचार से ही परिजनों तक पहुंच गए। शैव महोत्सव में शामिल होने आए एक वृद्ध लक्ष्मणराव पाठक (८०) शुक्रवार तड़के टहलने के लिए धर्मशाला से निकले थे फिर नहीं लौटे। परिजनों से उन्हें काफी तलाश, लेकिन कोई खबर नहीं मिली। इधर, उनके लापता होने की खबर फोटो सहित पत्रिका खबर में छपी। इस खबर के आधार पर एक व्यक्ति ने बुजुर्ग को पार्क में पहचान लिया और परिजनों को सूचना दे दी। महाकाल धर्मशाला से लापता हुए ८० साल के वृद्ध पत्रिका की मदद से परिजनों को मिल गए। करीब २८ घंटे बाद बेटे, पोते और अन्य परिजनों ने वृद्ध के सकुशल मिलने पर पत्रिका को धन्यवाद दिया।