2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाकाल मंदिर में अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच, तीन दिन में आएगी रिपोर्ट

Mahakal Bhasma Aarti- कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने दिए न्यायिक जांच के आदेश...। तीन दिन में आएगी रिपोर्ट...।

2 min read
Google source verification
mahakaleshwar-temple-fire.png

सोमवार, 25 मार्च को सुबह महाकाल की भस्म आरती के दौरान हुए अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच की जाएगी। इस घटना में 16 लोग घायल हो गए हैं। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने इसके निर्देश दिए हैं। घटना के तीन घंटे में बाद ही जांच के निर्देश कलेक्टर ने दे दिए हैं। इधर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव भी भोपाल से रवाना होने वाले हैं।

उज्जैन के महाकाल मंदिर में सोमवार को सुबह भस्म आरती के बाद गर्भगृह में होली के मौके पर गुलाल खेला जा रहा था। तभी गुलाल खेलने के दौरान अचानक आग भड़क गई। इस घटना में गर्भगृह में मौजूद सभी पुजारी झुलसने लगे। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 16 लोगों के घायल होने के समाचार हैं। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह सहित प्रशासन के बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। कलेक्टर ने भस्म आरती के दौरान हुई आग की घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी मृणाल मीना और अपर कलेक्टर अनुकूल जैन इस घटना की जांच करेंगे। कलेक्टर ने तीन दिन में जांच समिति को रिपोर्ट देने को कहा है।

संबंधित खबरें

मुख्यमंत्री का परिवार भी था मौजूद, आग में झुलसे 16 पुजारी
Breaking News : महाकाल भस्‍मारती के दौरान गर्भगृह में आग, 16 पुजारी और सेवक झुलसे

बताया जा रहा है कि जब आग लगी उस वक्त मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का परिवार भी भस्म आरती में शामिल था। उनकी पत्नी, बेटे और बहू भी बाबा के दर्शन करने गए थे। इस घटना के दौरान वे गर्भगृह के बाहर थे। अफरा-तफरी के दौरान वे एक तरफ आ गए और अब सुरक्षित हैं।

घायलों में महाकाल मंदिर के पुजारी शामिल हैं। इनमें संजय गुरु, नानू गुरु, विकास गुरु, आनंद, मनोज, शिवम, कमल, मंगल, अंश पुरोहित, महेश शर्मा सेवक, चिंतामन गेहलोत आदि शामिल हैं। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को इंदौर रैफर किया गया है। पुजारी आशीष शर्मा ने बताया कि महाकाल मंदिर में परंपरागत होली समारोह मनाया जा रहा था। तभी गुलाल के कारण गर्भगृह में आग फैल गई। जिसमें ज्यादातर मंदिर के पुजारी घायल हैं। हमनें उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

इधर, खबर लगते ही देश के गृहमंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव से फोन पर बात कर घटना के संबंध में जानकारी ली है। अमित साह ने ट्वीट में कहा है कि महाकाल मंदिर में आग लगने की घटना के संबंध में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव से बात कर जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन घायलों को सहायता व उपचार उपलब्ध करवा रहा है। मैं बाबा महाकाल से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।