16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ग्वालियर महापौर की कार पर उज्जैन में हमला, बेटी के साथ मौजूद थी मेयर

MP News : ग्वालियर महापौर शोभा सतीश सिकरवार की कार पर उज्जैन-मक्सी हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के वक्त मेयर के साथ वाहन में उनकी बेटी मौजूद थी। गनमैन के उतरते ही भागे।

2 min read
Google source verification
MP News

ग्वालियर महापौर शोभा सिकरवार की कार पर हमला (Photo Source- Input)

MP News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर से महापौर और कांग्रेस नेत्री डॉ. शोभा सतीश सिकरवार के वाहन पर उज्जैन के मक्सी के पास स्थित हाईवे पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि, महापौर सिकरवार अपनी बेटी और बहन के साथ पूजा करने के लिए उज्जैन जा रही थीं। इसी दौरान अचानक से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के चलते कार में सवार भी बुरी तरह घबरा गए थे। बदमाशों को सबक सिखाने तत्काल महापौर का गनमैन कार से उतरा, लेकिन गनमैन को देखते ही बाइक सवार भाग निकले। गनीमत रही कि, इस हमले में किसी को चोट नहीं आई।

बताया जा रहा है कि, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार 14 अप्रैल की रात महाकालेश्वर और मंगलेश्वर के दर्शन करने ग्वालियर उज्जैन पहुंचने वाली थीं। रात करीब 12 बजे वो उज्जैन जिले के मक्सी रोड पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी कार पर हमला हुआ है। हालांकि, इसके बाद उन्होंने हमले की शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

मामले को लेकर उज्जैन एसपी ने बताया कि, फिलहाल, इसकी पहचान की जा रही है कि, हमलावर कौन थे और उनका मकसद क्या था? महापौर के पति और कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने भी हमले की पुष्टि की है। ग्वालियर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार एक दिन पहले अपनी बेटी और बहन के साथ महाकाल और मंगलेश्वर के दर्शन करने आईं थीं। उनके साथ एक गनमेन और एक कार चालक था। शाम को वो निकली थीं। रात करीब 12 बजे जब वो उज्जैन के मक्सी रोड हाईवे पर थी, तभी अचानक बाइक सवार दो बदमाश सामने से आए और उनकी कार के कांच पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

उज्जैन एसपी को मामले से कराया अवगत

जैसे ही हमला हुआ तो चालक ने समझदारी दिखाते हुए उसे इस तरह रोका कि गनमैन को अलर्ट होने और बाहर निकलने का समय मिल गया। कार से गनमैन को बाहर उतरता देख हमलावर अपनी बाइक से फरार हो गए। गनमैन ने तुरत सभी को सुरक्षित करते हुए वहीं से कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार को सूचना दी। साथ ही उज्जैन एसपी को भी घटना से अवगत कराया। जैसे ही उज्जैन पुलिस को महापौर पर हमले की सूचना मिली, तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर बाइक सवारों की तलाश की, लेकिन कोई भी संदेही हाथ नहीं आया। सुबह महापौर को मंगलनाथ पर पूजा करनी थी। इसलिए वह सूचना देने के बाद आगे बढ़ गई और उज्जैन पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि, अभी महापौर शोभा सिकरवार उज्जैन में ही हैं।

मक्सी के पास अक्सर होती लूटपाट

फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि, महापौर पर हमले का कारण क्या था और हमलावर कौन थे? लेकिन ये भी माना जा रहा है कि, मक्सी के पास जिस इलाके में महापौर पर हमला हुआ है। वो रास्ता अकसर सुनसान रहता है। इसी के चलते इस क्षेत्र में लूटपाट की घटनाएं भी होती है। ऐसा भी माना जा रहा है कि, बदमाशों ने आम इंसान समझकर कार पर हमला कर दिया हो, लेकिन गनमैन को गाड़ी से उतरता देख उन्हें कार में किसी वीआईपी के होने का आभास हुआ हो, जिसके चलते वो मौके से भाग निकले। फिलहाल, मामला जो भी हो, इसने जिले की रात्रि गश्त प्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।