
प्रशासन ने नहीं दिखाई सतर्कता तो डूब सकती है जिंदगी
नागदा. बारिश का पानी शहर में जहां प्राकृतिक सौंदर्यता बिखेर रहा हैं, वहीं शहर की युवा टोली प्रकृति से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रही है। चंबल नदी स्थित हनुमान पाला डैम ओवर फ्लो हो चुका है। पानी चामुंडा माता मंदिर के ओटले के पार तेज बहाव पर है। बावजूद शहर के युवा पानी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रशासन की लापरवाही की हद देखिए चामुंडा माता मंदिर के समीप दो होमगार्ड जवानों को तैनात तो किया गया है लेकिन जवान युवाओं पर लगाम कसने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। रविवार को हनुमान पाला डेम पर पहुंची पत्रिका टीम को ऐसे कुछ नजारें देखने को मिले जो दुर्घटना को न्यौता दे रहे थे। एक दर्जन से अधिक युवा डेम से गिर रहे तेज बहाव के पानी के समीप तैरते दिखाए दिए। तो कुछ युवा चामुंडा माता मंदिर के समीप सेल्फी लेते दिखाई दिए।
जानबूझकर डाल रहे जान जोखिम में
चामुंडा मंदिर के समीप स्थित कुंड पर युवाओं की टोली बैठी नजर आई। इतनी तेज रफ्तार पानी का बहाव होने के बाद भी कुंड के समीप बने टीले पर बैठकर तेज बहाव वाले पानी के नजारे को निहारते नजर आए। यदि डेम का पानी एकाएक तेजी से बढ़ा या जरा सी चूक हुई तो युवा सीधे मौत का ग्रास बन जाएंगे। ऊफान पर आई चंबल के दृश्य को देखने के दौरान कोई भी बड़ी घटना हो सकती है।
इन्हें तेज बहाव की परवाह नहीं
पांच युवाओं का समूह हनुमान डेम से गिर रहे झरने स्वरूप पानी के नीचे तैरते दिखाई दिए। युवाओं को पानी में इस कदर आनंद आता दिखाई दिया कि उन्होंने पानी के तेज रफ्तार की भी परवाह नहीं दिखी। बता दें कि चंबल नदी में पानी चंबल से जुड़ी मलेनी, बागड़ी व अन्य नदियों से आता है। डेम में पानी किस समय एकाएक बढ़ जाए इस बारे में किसी को पता नहीं होता।
आपदा प्रबंधन के अंतर्गत नगर सेना सदस्यों की टीम बनाई गई है। चामुंडा माता मंदिर के समीप सदस्यों को तैनात किया गया है। यदि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना होती है तो उक्त सदस्य पुलिस को सूचित कर बचाव के प्रयास करेंगे।
अजय वर्मा, टीआइ, मंडी थाना
Published on:
16 Jul 2018, 6:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.