22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘मैं तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगी’ कहकर उज्जैन पहुंची युवती, युवक के साथ हुआ बड़ा खेल

Honey Trap Case: इंस्टाग्राम पर युवती ने पहले दोस्ती की और युवक को नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और फिर हनीट्रैप में फंसाया, अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही गिरोह का नेटवर्क।
2 min read
Google source verification
ujjain

honey trap instagram job fraud kidnapping, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Ujjain Honey Trap Case: मध्यप्रदेश के उज्जैन में इंस्टाग्राम के जरिए युवक को हनीट्रैप में फंसाकर उसका अपहरण करने, मारपीट कर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और फिर लाखों रुपए की फिरौती मांगने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पड़ोस में रहने वाले इदरीश को पता चला कि हैदर के पास हाल ही में कहीं से 15 लाख रुपए आए हैं। इसके बाद उसने साथी लोकेश शर्मा और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उसे हनीट्रैप में फंसाने का षड्यंत्र रचा।

ऐसे बनाया शिकार

नरवर निवासी हैदर (29) पिता कमाल पटेल ने 18 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर सिहोर निवासी अंजली ठाकुर ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे संपर्क किया और अचानक उज्जैन पहुंच गई। जब वह उसे कार से स्टेशन से लेकर साइट पर जा रहा था, तभी पीछे से आए आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। उसके साथ मारपीट की गई, आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए और उन्हें वायरल करने व झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर पहले 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। बाद में सौदा 26 लाख रुपए में तय हुआ। परिजनों से 10 लाख रुपए लेने के बाद युवक को छोड़ दिया गया, जबकि शेष 16 लाख रुपए की मांग जारी रही।

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से गिरोह का खुलासा

पुलिस ने साइबर तकनीकी विश्लेषण, इंस्टाग्राम चैट, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), डिजिटल साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले ऐसे लोगों की जानकारी जुटाते थे, जिनके पास हाल ही में बड़ी रकम आई हो या जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। इस मामले में इदरीश पटेल ने पीड़ित की इंस्टाग्राम आइडी और उसकी आर्थिक स्थिति की जानकारी गिरोह को उपलब्ध कराई थी।

10 आरोपी गिरफ्तार, युवती सहित दो फरार

नानाखेड़ा पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि युवती और उसका एक साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है, यह कोई इकलौती वारदात नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग और फिरौती वसूलने वाला संगठित नेटवर्क हो सकता है। इस मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने लोकेश शर्मा निवासी पंवासा, राजपाल सिंह राठौड़ निवासी जहांगीरपुर, पंकज बमोरिया निवासी अंतीपुरा, यशवंत देवड़ा निवासी तिरुपति धाम, आर्यन राठौर निवासी तिरुपति धाम, लखन सिंह पंवार निवासी पिपलिया डाबी, इदरीश पटेल निवासी नरवर, इमरान पटेल निवासी बदरखा, जयसिंह चौहान निवासी बदरखा तथा आयुष जाटवा निवासी भैरूनाला को गिरफ्तार किया है। जबकि दीपक राजपूत निवासी पंवासा और अंजली ठाकुर निवासी सिहोर फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।