
नए कायाकल्प के बाद इन मार्गों से गुजरेगी श्रावण और भादौ माह में महाकाल की सवारी
उज्जैन. महाकाल की नगरी उज्जैन के कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने मंगलवार को प्रशासनिक अमले के साथ श्रावण और भादौ माह की निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारी के पारंपरिक मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहर शहनाई द्वार से लगे क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा और उज्जैन विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि, वो शहनाई द्वार से सवारी को बाहर लाने के लिए व्यवस्थित रैम्प बनाएं। साथ ही, रैम्प निर्माण कार्य को आगामी एक सप्ताह में पूरा करें। आसपास के गड्ढों की फिलिंग की जाए और टीन की चादरों से असुरक्षित क्षेत्र को ढंका जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की हानि न हो।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने पैदल ही संपूर्ण सवारी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अदिकारियों ने एक-एक स्थान पर खुद पहुंचकर व्यवस्थाओं के बारे में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता, एडीएम संतोष टैगोर, एएसपी इंद्रजीत बाकलवार, सीएसपी विनोद मीणा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इन मार्गों का किया निरीक्षण
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने महाकाल मंदिर परिसर से निरीक्षण की शुरुआत की, यहां से अदिकारियों की टीम गुदरी चौराहा, पानदरीबा, रामानुजकोट, रामघाट एवं इसके बाद रामघाट से ढाबा रोड होते हुए गोपाल मंदिर और पटनी बाजार होकर गुदरी चौराहे तक पहुंची। कलेक्टर ने गुदरी, हरसिद्धि की पाल, रामघाट, गोपाल मंदिर आदि स्थानों पर व्यवस्थित बैरिकेटिंग करने और सभी सवारी मार्ग में बैरिकेटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सवारी मार्ग में कच्चे मकानों पर दर्शनार्थियों को न चढ़ने देने के लिए भी कहा है।
नगर निगम और बिजली विभाग को निर्देश
कलेक्टर ने सवारी मार्ग पर पड़ने वाले सभी बिजली के खंबों को शीट से कवर करने के निर्देश दिए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को करंट आदि लगने का भय न हो। उन्होंने विद्युत विभाग को मार्ग में क्रॉस हो रहे विद्युत के अनावश्यक तारों को हटाने के लिए भी निर्देशित किया है। कलेक्टर ने सवारी के दौरान सवारी निकलने के एक दिन पूर्व और सवारी वाले दिन संपूर्ण मार्ग की साफ-सफाई, गर्मी होने पर मार्ग में जल का छिड़काव करने और मार्ग को क्लियर करने के लिये नगर निगम को निर्देशित किया है।
भगवान महाकालेश्वर की पहली सवारी 18 जुलाई को
श्रावण और भादौ मास में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी के क्रम में प्रथम सवारी 18 जुलाई को निकाली जाएगी। द्वितीय सवारी 25 जुलाई को, तृतीय सवारी एक अगस्त को, चतुर्थ सवारी 8 अगस्त को, 15 अगस्त को पांचवी सवारी और 22 अगस्त को शाही सवारी निकाली जाएगी। नागपंचमी पर्व 2 अगस्त को आयोजित होगा।
Published on:
5 Jul 2022, 11:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.