Manisha Bhatnagar Return : सकुशल घर लौटी कतर में फंसी मनीषा भटनागर का परिवार ने किया जोरदार स्वागत। सास ने तिलक लगाकर घर में प्रवेश कराया।
Manisha Bhatnagar Return : ईरान और इजराइल के बीच चली जंग में ईरान द्वारा कतर में स्थित अमेरीकी सेन्य ठिकाने पर हवाई हमले किए गए, जिसके चलते कतर में हालात चिंताजनक हैं। ऐसे में अन्य भारतीयों की तरह जंग के बीच कतर के दोहा में मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली महिला मनीषा भटनागर भी फंस गई थीं। बुधवार सुबह भारत लौटी मनीषा शाम को उज्जैन स्थित अपने घर सकुशल पहुंच गई हैं। बहु को घर में देख परिवार में खुशा का माहौल है।
आपको बता दें कि, मनीषा के पति रजत भटनागर ने एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनकी पत्नी को वापस लाने की व्यवस्था बनाने की गुहार लगाई थी। इसपर सीएम ने उन्हें मनीषा के वापस लौटने का आश्वासन दिया था। साथ ही, मनीषा की भारत वापसी पर सबसे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनसे वीडियो कॉल पर चर्चा कर हालचाल जाना था।
मनीषा बुधवार शाम सुरक्षित उज्जैन के अभिषेक नगर स्थित अपने घर पहुंची तो परिजन के बीच खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मनीषा की सास ने तिलक लगाकर उनका घर में स्वागत किया।
कतर के हालात को लेकर मनीषा ने बताया कि, तीन दिन पहले जब वो कतर में रात के समय अपने कमरे में थी, तब बाहर काफी तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। उनके साथ-साथ अन्य सहकर्मी भी बुरी तरह घबरा गईं। सभी ने बाहर निकलकर देखा तो बिल्डिंग के उपर से एक के बाद एक मिसाइलें जा रही थीं। ऐसा लगा कि, ये बिल्डिंग पर न गिर जाएं। सभी लड़कियां काफी पैनिक हो गई थीं। मनीषा ने वहीं से अपने पति रजत को फोन पर घटना की जानकारी दी थी। इसपर रजत का परिवार भी काफी घबरा गया था। इसके बाद रजत में मुख्यमंत्री से पत्नी को सकुशल वापस लाने की व्यवस्था करने की मांग की थी।
बता दें कि, मनीषा भटनागर कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रु के पद पर पदस्थ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी सकुशल वापसी के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सहयोग के लिए अनुरोध किया था। डॉ. यादव ने प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को केंद्र सरकार के संपर्क में रहते हुए मनीषा की सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। बाद में भारत लौटने पर सीएम ने वीडियो कॉल कर खुद मनीषा का हालचाल जाना था। वहीं, अब रजत का कहना है कि, उनकी पत्नी घर लौट आई है। इसके पीछे केंद्र और राज्य सरकार का बड़ा सहयोग रहा है। रजत ने स्थानीय प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।