5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाकाल मंदिर के पास परोसा गया नॉनवेज? कर्मचारी बोले- मुर्गा और मछली वाले हाथ धो लेना, मचा बवाल

MP News: खुद को शुद्ध शाकाहारी बताने वाले इस प्रतिष्ठित होटल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

2 min read
Google source verification
Non-veg food served claim viral video near Mahakal Temple creates controversy mp news

Non-veg food served claim viral video near Mahakal Temple (फोटो- Patrika.com)

MP News: उज्जैन में महाकाल मंदिर से महज 100 मीटर दूर स्थित होटल सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज एक विवाद की वजह से सुर्खियों में आ गया है। खुद को शुद्ध शाकाहारी बताने वाले इस प्रतिष्ठित होटल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ कर्मचारी रात के समय किचन में ऐसी डिश तैयार करते दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर नॉनवेज होने का दावा किया जा रहा है। बातचीत के दौरान कर्मचारियों के बीच ‘मुर्गा-मछली वाले हाथ धो लेना’ जैसी टिप्पणी भी सुनाई दे रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

होटल प्रशासन पर उठे सवाल

वायरल फुटेज में यह भी दावा किया जा रहा है कि किचन में खाना बनाते समय सीसीटीवी कैमरे का एंगल बदला गया। एक कर्मचारी डस्टबीन लेकर कैमरे के सामने आता है और उसके बाद कैमरे की दिशा बदलती नजर आती है। इससे होटल प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।

किचन के अंदर दिखे लाइजनिंग ऑफिसर

मामले में लाइजनिंग ऑफिसर अजय राणावत की भूमिका भी चर्चा में है। उनकी जिम्मेदारी होटल में ठहरने वाले मेहमानों को मंदिर दर्शन और आरती में शामिल कराना है, लेकिन फुटेज में वे किचन से जुड़े कामों में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। इससे उनकी भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।

होटल ने आरोपों को किया खारिज

होटल प्रबंधक सतीश पाठक ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि वीडियो में दिख रही डिश पूरी तरह शाकाहारी थी। उनके मुताबिक कर्मचारी सब्जियों की कार्विंग को लेकर आपस में ‘मछली’ जैसी आकृति की बात कर रहे होंगे। हालांकि ‘हाथ धोने’ वाली टिप्पणी पर वे स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।

पर्यटन विभाग की टीम ने की जांच

विवाद बढ़ने के बाद पर्यटन विभाग की टीम ने उज्जैन पहुंचकर जांच की। होटल प्रबंधन ने दावा किया कि कुछ कर्मचारियों ने गलत जानकारी फैलाकर संस्थान की छवि खराब करने की कोशिश की है। इसी सिलसिले में प्रियंका पटेल, राकेश सेन, हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

सीएम ने पिछले साल किया था उद्घाटन

यह होटल मध्य प्रदेश पर्यटन निगम (एमपीटी) द्वारा संचालित है और शहर के महंगे होटलों में गिना जाता है। करीब 18 करोड़ रुपए की लागत से महाराजवाड़ा स्कूल की पुरानी इमारत को हेरिटेज होटल में बदला गया था। इसका उद्घाटन मार्च 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। होटल विशेष रूप से महाकाल भक्तों के लिए तैयार किया गया था। (MP News)