10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

video : तेज बौछारों से भीगा शहर, उज्जैन-शाजापुर सहित अन्य शहरों में बारिश

दिनभर उमस होती रही। शाम होते-होते शाजापुर-उज्जैन सहित कई स्थानों पर तेज बारिश हुई।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उज्जैन

•

image

Lalit Saxena

•

Updated: 9 Jul 2018, 9:17 PM IST

patrika

rain,temperature,heat,ujjain news,sky,clouds,

उज्जैन. अंतत: इंतजार की घडिय़ां खत्म हुईं। सोमवार को मानसून की बारिश हुई। सुबह से ही आसमान पर घने बादलों ने डेरा जमा रखा था, जिससे दिनभर उमस होती रही। शाम होते-होते शाजापुर-उज्जैन सहित कई स्थानों पर तेज बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों ने आगामी दिनों में भी तेज बारिश के आसार जताए हैं।

सुबह से रही उमस
सुबह से वातावरण में उमस हो रही थी। आसमान पर बादलों का कब्जा था। इसके चलते सूरज को ताक-झांक करने का मौका तक नहीं मिल पा रहा था। यह सिलसिला लगभग दिनभर चला, जिसके चलते वातावरण में गर्मी बरकरार रही। दोपहर को बादल और घने हुए और शाम होते-होते शहर के कई स्थानों पर तेज बौछारें पडऩे लगीं। देर शाम तक यह सिलसिला चलता रहा। बरसात और बादलों की वजह से दिन के तापमान में कमी आई। इससे मौसम खुशगवार हो गया।

बरसात का सिलसिला
मौसम विज्ञानियों के अनुसार हवा का चक्रवात बना हुआ है। दक्षिणी गुजरात से केरल तक एक कम दबाव की द्रोणिका बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम मप्र और उससे लगे गुजरात के क्षेत्र पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़े पैमाने पर नमी के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। शहर में इसका असर जल्द ही दिख सकता है।

काले बादलों से हो गया अंधेरा, दो दिन भारी बारिश की संभावना

शाजापुर. दो दिन की उमस और गर्मी से बेहाल शहर में सोमवार शाम बादल मेहरबान हुए। काले बादल छाने से शाम को ही पूरे शहर में अंधेरा छा गया। स्ट्रीट लाइट चालू हो गई व वाहनों को हेडलाइट चालूकर निकलना पड़ा। कुछ ही देर में तेज हवा के साथ धुआंधार बारिश का दौर शुरू हो गया। आलम यह था कि सड़कों पर पानी भर गया। करीब आधे घंटे में पौन इंच (18 से 20 एमएम) पानी बरस गया। इधर मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

दो दिन से उमस रही
शहर में पिछले दो दिन से उमस के कारण लोग परेशान हो रहे थे। एक ओर उमस वहीं दूसरी ओर हवा नहीं चलने से लोगों का हाल बुरा हो रहा था। सोमवार को दिनभर भी गर्मी और उसम रही। इसके बाद शाम 6.20 से लेकर 6.45 बजे तक जोरदार बारिश हुई। शहर के कई स्थानों पर नालों से पानी बहकर सड़कों पर आ गया। आधे घंटे तेज बारिश के बाद देररात तक कभी तेज तो कभी रिमझिम का दौर चलता रहा। मौसम पर्यवेक्षक सत्येंद्रकुमार धनोतिया ने बताया कि मंगलवार शाम से दो दिन तक भारी बारिश की संभावना है।

अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष शुरू
जिले में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना हो चुकी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष में सप्ताह के सातों दिन के लिए 52 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्थापना कलेक्टर कार्यालय में की गई है, जो 24 घंटे कार्यशील रहेगा। बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07364-227202 है। कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने कक्ष के लिए भू-अभिलेख प्रभारी अधीक्षक एचएस नामदेव को प्रभारी बनाया है। कलेक्टर ने नियंत्रण कक्ष में तैनात सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित दिवस एवं समय पर उपस्थित होकर रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज करें और नियंत्रण कक्ष पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं को तत्काल प्रभारी अधिकारी को प्रेषित करें।

अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए समितियां गठित
कलेक्टर ने जिले के लिए समितियां गठित की हैं। जिलास्तरीय समिति कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित की गई है। इसमें एसपी, जिला पंचायत सीइओ, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उप संचालक सामाजिक न्याय, पशु चिकित्सा सेवाएं, सीएमएचओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण, सहायक संचालक सूचना एवं प्रकाशन, जिला आपूर्ति अधिकारी, सीएमओ, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण, प्रभारी अधिकारी राहत शाखा, सहायक संचालक मत्स्य, डीइओ, जिला सेनानी होमगार्ड, रोटरी व लायंस क्लब सदस्य और अधीक्षक भू-अभिलेख को सदस्य सचिव बनाया गया है। उपखंड स्तरीय, तहसील और ग्राम स्तरीय समितियां भी गठित की हैं।