राजस्थान, मध्यप्रदेश में मानसून ने इस साल 27 जून को दस्तक दी थी। लोगों को आस बंधी थी कि अब तो झमाझम बरसात होगी, लेकिन मानसून सक्रिय होने के 10 दिन बाद भी हाड़ौती में अच्छी बारिश नहीं हुई है। कुछ क्षेत्रों में इस साल खंड बारिश हो रही है। रोजाना दिन में बादल भी छाए नजर आते हैं, लेकिन थोड़ी देर बाद हवा के रुख के साथ बादल छट जाते हैं। कमोबेश एेसे ही हालात मध्यप्रदेश में बने हुए हैं। इसके चलते चम्बल नदी पर मध्यप्रदेश सीमा में बना बांध अभी भी 42.81 फीट खाली है। जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का मानना है कि इस साल एेसे ही हालात रहे तो गांधी सागर बांध का मानसून सीजन में भरना मुश्किल है।