उज्जैन. विक्रम विश्वविद्यालय में रविवार को पीएचडी प्रवेश परीक्षा २०१८ आयोजित हुई। विवि प्रशासन प्रवेश परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र, आंसर शीट नहीं देता है। साथ ही फेल विद्यार्थियों को उनके नंबर भी नहीं बताए जाते हैं। इस बात का इस परीक्षा से पूर्व विरोध हो रहा था। विद्यार्थियों की मांग थी कि पारदर्शिता के लिए आंसर शीट के साथ फेल परीक्षार्थी के नंबर बताए जाएं। इसके लिए भारतीय युवा छात्रसंघ के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों ने जागरुकता संदेश बांटे। संदेश में लिखा था कि सूचना के अधिकार कानून (आरटीआई) के तहत विद्यार्थी अपनी उत्तरपुस्तिका का अवलोकन कर सकता है। यह कानून हर विश्वविद्यालय की हर परीक्षा में लागू है, इसलिए आवेदन देकर अपनी आंसर शीट जरूर देखें, ताकि आप को आगामी तैयारी में मदद मिल सकें।
इस विरोध का असर रिजल्ट में दिखाई दिया। विवि ने फेल अभ्यार्थियों के नंबर भी जारी किए। जबकि २०१६ की परीक्षा में एेसा नहीं हुआ। साथ ही अभी भी निर्देशों में सिर्फ पास लोगों की सूची डालने की बात थी। बता दें कि विक्रम विवि में रविवार को १९ विषयों में पीएचडी, एमफिल प्रवेश परीक्षा आयोजित हुई। इसमें ९२२ आवेदन थे। इसमें कई विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। विवि कैम्पस स्थित सुमनमानिवकी और तीन अन्य केंद्रों पर सुबह ९ से ११ बजे के बीच परीक्षा आयोजित हुई।
गत परीक्षा में जमकर हुई गड़बड़ी
विवि में पीएचडी प्रवेश परीक्षा २०१६ में जमकर गड़बड़ी हुई। प्रबंधन विषय का प्रश्नपत्र पूरी तरह से गलत आया। अधिकारी हमेशा की तरह गलती मानने को तैयार नहीं थे, लेकिन तत्कालीन संकायाध्यक्ष रविन्द्र जैन ने बिना जांच के रिजल्ट घोषित करने से मना कर दिया। अधिकारियों ने अन्य शिक्षकों से कॉपी जांच कर रिजल्ट घोषित करने की तैयारी भी कर ली, लेकिन उन्होंने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। इसके बाद आखिरकार जांच कमेटी का गठन हुआ। करीब एक साल बाद जांच सही साबित हुई। इसी तरह शिक्षा संकाय का रिजल्ट आज दिनांक तक घोषित नहीं हुआ। साथ ही अन्य विषयों में भी प्रश्नपत्र में खामी होने की शिकायत हुई।
शिक्षकों को नहीं देखने दिया प्रश्नपत्र
प्रवेश परीक्षा २०१६ से सबक लेते हुए रविवार को हुई परीक्षा में शिक्षकों प्रश्नपत्र देखने के लिए पूरी तरह से रोक रही। परीक्षा के दौरान तीन बाहरी पर्यवेक्षक भी बुलाए गए थे। साथ ही केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी भी थी। परीक्षा के तुरंत बाद सभी विषयों की गठित शोध सलाहकार समिति को शीट दे दी गई। उन्होंने जांच कर रिजल्ट विवि प्रशासन को सौंप दिया। जो देर शाम जारी कर दिया गया।