
Ujjain Kathawachak Gopal Krishna Maharaj heart attack
Ujjain Kathawachak Gopal Krishna Maharaj heart attack एमपी में प्रसिद्ध कथावाचक का निधन हो गया। श्रीमद्भागवत कथा सुनाते सुनाते उन्होंने प्राण त्याग दिए। कथा के दौरान वे भजन गा रहे थे और भक्ति रस में सराबोर लोग नाच रहे थे। उसी वक्त अचानक कथावाचक नीचे गिर पड़े। हार्टअटैक से कथावाचक की मौत हो गई जिससे कोहराम मच गया। गुरुपूर्णिमा के दिन हुए इस हादसे का वीडियो अब सामने आया है। कथावाचक का उज्जैन में अंतिम संस्कार किया गया।
उज्जैन के प्रसिद्ध कथावाचक भागवताचार्य पंडित गोपाल कृष्ण महाराज का व्यास गादी पर कथा करते हुए निधन हो गया। वे राजगढ़ में श्रीमद्भागवत कथा सुना रहे थे तभी उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उनका देहांत हो गया। गुरु पूर्णिमा के दिन यह दुखद घटना हुई।
पंडित गोपाल कृष्ण महाराज राजगढ़ में अपने गुरु की समाधि स्थल पर कथा सुनाने गए थे। पाढ़लिया आंजना समाज और श्री सद्गुरु सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का गुरु पूर्णिमा पर पारायण था। पंडित गोपाल कृष्ण महाराज कथा के दौरान भजन सुना रहे थे और श्रद्धालु नृत्य कर रहे थे। एकाएक पंडित गोपाल कृष्ण व्यास गद्दी पर गिर पड़े।
कथावाचक को गिरते देख श्रद्धालु और सेवा समिति के लोग उनके पास आए लेकिन उनकी हालत खराब हो चुकी थी। पंडित गोपाल कृष्ण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनका निधन हो गया। पंडित गोपाल कृष्ण महाराज की आकस्मिक मौत से हर कोई दुखी हो उठा। कई भक्त तो बिलख बिलख कर रोने लगे।
पंडित गोपाल कृष्ण का पार्थिव शरीर उज्जैन लाया गया, जहां दमदमा से अंतिम यात्रा निकाली गई। उन्हें अंतिम विदाई देने सैकड़ों श्रद्धालु और अनुयायी आए।
कथावाचक भागवताचार्य पंडित गोपाल कृष्ण महाराज के निधन का वीडियो भी सामने आया है जोकि अब तेजी से वायरल हो रहा है। उनकी कथा का लाइव टेलीकास्ट चल रहा था जिसमें वे भजन गाते हुए और श्रद्धालु झूमते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस प्रसंग के बाद पंडित गोपाल कृष्ण महाराज “मीठे रस से भरियो राधा रानी…” भजन गाने लगे। भजन की मधुर धुन पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमने लगे। सभी श्रद्धालु भजन सुनने में लीन थे कि अचानक गोपाल कृष्ण महाराज की आवाज बंद हो गई। वे व्यास गादी पर ही गिरकर अचेत हो चुके थे। पंडित गोपाल कृष्ण महाराज को व्यास गादी से नीचे उतारकर श्रद्धालु तुरंत अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स के अनुसार हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ।
Updated on:
24 Jul 2024, 6:17 PM IST
Published on:
23 Jul 2024, 3:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.