
उज्जैन. आगर रोड पर जीरो पाइंट तुलाहेड़ा मोड़ के आगे शनिवार दोपहर भीषण दुर्घटना हो गई। इसमें बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं। बताया जा रहा है कि तुलाहेड़ा तरफ से उज्जैन जा रहे बाइक सवारों को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना में बाइक पर पीछे बैठी महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल उज्जैन लाया गया। घट्टिया थाना पुलिस ने बताया कि मृतक महिला इंदौर निवासी बताई जा रही है, जो कि रिश्तेदारी में आई हुई थी। घटना को लेकर थाने पर भारी भीड़ जमा हो गई। ड्रायवर घटनास्थल से 8 किलोमीटर आगे निपानिया में ट्रक छोड़कर कहीं फरार हो गया।