
Gwalior Barauni Mail time table 20th century, Covers 58 km. in 2 hours 31 minutes ग्वालियर से बरौनी के बीच चलने वाली 11123 ग्वालियर बरौनी मेल का टाइम टेबल 20वीं सदी पुराना है। जब छुक छुक गाड़ी पटरी पर दौड़ती थी। फिर डीजल इंजन का समय आया। अब इलेक्ट्रिक इंजन से गाड़ियां फर्राटा भर रही है। तब कानपुर झांसी रूट पर सिंगल लाइन हुआ करती थी। अब क्रॉसिंग का भी झंझट खत्म हो गया। अप और डाउन लाइन पर गाड़ियां दौड़ रही हैं। लेकिन टाइम टेबल में कोई संशोधन नहीं किया गया। यात्रियों ने बरौनी-ग्वालियर-बरौनी मेल ट्रेन के टाइम टेबल को दोबारा अपडेट करने की मांग की है। उनका मानना है कि ऐसा करने से यात्रियों का काफी समय बच जाएगा और रेलवे को भी लाभ पहुंचेगा।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ-उन्नाव-कानपुर-पुखरायां-झांसी होते हुए दतिया, ग्वालियर के लिए एकमात्र ट्रेन बरौनी ग्वालियर मेल है। मां पीतांबरा के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त ट्रेन से यात्रा करते हैं। दतिया सबसे नजदीकी स्टेशन है। इस संबंध में बातचीत करने पर मां पीतांबरा के दर्शन कर वापसी कर रहे रामबाबू ने बताया कि उनकी गाड़ी भीमसेन 17.29 (शाम 5.29) पर पहुंच गई थी और यहां से कानपुर की दूरी 14 किलोमीटर है। गाड़ी का कानपुर पहुंचने का समय 18.50 (शाम 6.50) है। इस प्रकार 14 किलोमीटर की दूरी तय करने में बरौनी ग्वालियर मेल को एक घंटा एक घंटा 21 मिनट का समय लग रहा है।
शिवनगर निवासी रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि गोविंदपुरी में गाड़ी 18:11 पर पहुंची थी और अभी भी यही खड़ी है जबकि दूरी कानपुर सेंट्रल की दूरी 3 किलोमीटर है। उन्होंने रेलवे विभाग पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चले तो आधा घंटे में पहुंच जाएगी।
पुखरायां से कानपुर की दूरी 58 किलोमीटर है। ट्रेन नंबर 11123 के पुखरायां पहुंचने का समय 16:17 है। 16.19 पर गाड़ी खुलती है और 18.50 कानपुर पहुंचने का टाइम है। टाइम टेबल के हिसाब से यह दूरी तय करने में गाड़ी को 2 घंटा 31 मिनट का समय लगता है। शिव विलास शर्मा ने बताया कि 2 घंटा 31 मिनट में 58 किलोमीटर की दूरी बताने के लिए पर्याप्त है कि टाइम टेबल 20वीं शताब्दी का है। उन्होंने टाइम टेबल को संशोधित करने की मांग की है।
Updated on:
1 Apr 2025, 8:12 PM IST
Published on:
1 Apr 2025, 8:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.