
होली के रंग हुरंगा के संग, कवि सम्मेलन में चार चांद लगाएंगे अन्नू अवस्थी, छूटेंगे हंसी के फव्वारे
उन्नाव. होली के रंग, फूलों के संग, उत्सव और आनंद का पर्व रंगों का त्योहार होली। राधा कृष्ण होली खेलते हुए मार्ग पर निकलेंगे। कहीं पेड़ा की होली होगी तो कहीं गुजिया की, बालूशाही के साथ समोसे की भी होली होगी। यही नहीं रसगुल्ला, बर्फी, जलेबी, पेठा, लड्डू से भी होली का आनंद मिलेगा। इसके साथ ही श्री झूलेलाल जी की आकर्षण झांकी भी निकाली जाएगी। फागुन महोत्सव ट्रस्ट के संयोजक राम तनेजा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि हुरंगा मार्ग पर स्वागत के लिए फाल्गुन महोत्सव ट्रस्ट पूरी तरह तैयार है। स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि हुरंगा यात्रा आवास विकास स्थित वृंदावन गार्डन से मध्यान्ह 12 बजे निकलेगी। जो गांधी नगर तिराहा स्थित विशंभर दयाल त्रिपाठी मार्ग पर समाप्त होगी। यही पर होली का भव्य मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है।
ठंडाई के साथ होगी मिठाइयों की बौछार
उन्होंने बताया कि मोती नगर में ठंडाई की व्यवस्था की गई है। तो आईबीपी टंकी पर पेड़ा होली, बड़ा चौराहे पर गुजिया होली, खादी भंडार पर बालूशाही होली, झंडेश्वर महादेव पर समोसा , दयाल मार्केट पर बत्तीसा स्टेट, बैंक के सामने रसगुल्ला, न्यू गुप्ता चश्मे वाले के निकट बर्फी, छोटा चौराहा पर जलेबी, कलेक्टर गंज फाटक पर पैठा, गांधी नगर तिराहे पर लड्डू की होली खेली जाएगी। इस मौके पर झूलेलाल जी की आकर्षण झांकी भी निकाली जा रही है।
21 रंग-बिरंगे ध्वज पताकाएं चलेंगी आगे-आगे
संस्था के प्रबंधक अजीत पाल सिंह ने बताया कि हुरंगा यात्रा में सभी धर्म सभी जाति के लोग शामिल होंगे। यहां किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं की जाती है। रास्ते में गुलाब और फूलों की होली ही होती है। उन्होंने बताया कि हुरंगा के आगे 21 रंग-बिरंगे ध्वज पताकाएं चलेंगी। साथ ही 12 डोल आकर्षण के केंद्र होंगे। हुरंगा के समस्त संरक्षक, सदस्य, श्रद्धालु, भक्तगण अपने ठाकुर जी के संग होली खेलेंगे। संरक्षक विमल द्विवेदी ने बताया कि इस मौके पर हास्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है । जिसमें स्थानीय कवियों के अलावा उन्नाव के ही रहने वाले अन्नू अवस्थी कानपुर से आएंगे। अन्नू अवस्थी हास्य कवि सम्मेलन में चार चांद लगाएंगे। उन्होंने कहा कि हुरंगा का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को कायम रखना है। इस मौके पर जी एस भदौरिया, सतीश राजपाल, संजय त्रिपाठी, अजय शुक्ला, प्रेम सिंह सेंगर, शशिकांत गुप्ता, के जी अग्रवाल, अभय निगम, नरेश सोनी, नीरज गुप्ता, निम्मी अरोड़ा, शोभा पांडे सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Published on:
01 Mar 2018 07:28 am
बड़ी खबरें
View Allउन्नाव
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
