
आग में झुलसे पति की मौत
Unnao Property Dispute: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्लॉट की रजिस्ट्री कराने जाने से ठीक पहले 58 वर्षीय एक व्यक्ति आग की लपटों में घिरा हुआ घर से बाहर निकला। पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मरने से पहले दिए बयान में उसने अपनी पत्नी पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया। दूसरी ओर पत्नी का दावा है कि पति ने खुद आग लगाई थी और उन्हें बचाने के दौरान वह भी झुलस गई।
मामला बारासगवर थाना क्षेत्र के धानीखेड़ा गांव का है। मृतक हृदयेश तिवारी शटरिंग और प्रॉपर्टी का काम करते थे। परिवार के मुताबिक, गुरुवार को पत्नी रानू के नाम एक प्लॉट की रजिस्ट्री होनी थी। इसी को लेकर घर में कहासुनी हुई। कुछ ही देर बाद हृदयेश आग की लपटों में घिरकर घर से बाहर निकले और मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास के लोगों ने आग बुझाई और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर पहले कानपुर और फिर लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल में हृदयेश का बयान दर्ज किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी रानू, उसके भाई और एक अन्य रिश्तेदार ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। हृदयेश की बेटी सोनम ने भी पुलिस को दी शिकायत में यही आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिता को जानबूझकर रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
वहीं रानू ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि रजिस्ट्री के लिए निकलने से पहले पति बाथरूम में गए और खुद आग लगा ली। उन्हें बचाने की कोशिश में वह खुद भी झुलस गईं। फिलहाल उनका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। रानू का यह भी दावा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि पति का दूसरी महिला से संबंध था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
मृतक की बेटी सोनम का कहना है कि पिता की पहली पत्नी का निधन 2023 में हो गया था। इसके बाद उन्होंने करीब दो साल पहले रानू से कोर्ट मैरिज की थी। सोनम का आरोप है कि सौतेली मां और उसके परिजनों ने मिलकर उनके पिता को आग के हवाले कर दिया।
सदर कोतवाली पुलिस ने बताया कि पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन हृदयेश की मौत के बाद अब केस में हत्या की धारा भी जोड़ी जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अस्पताल में दर्ज मृतक के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। एक ओर मृतक का मरने से पहले दिया गया बयान है, तो दूसरी ओर पत्नी का दावा कि पति ने खुद आग लगाई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली तस्वीर सामने आएगी।
Updated on:
24 Jul 2026 12:22 pm
Published on:
24 Jul 2026 12:22 pm
