
वाराणसी. संसदीय संसदीय सचिव के रूप में काम करने वाले आम आदमी पार्टी के विधायकों की सदस्यता को उच्च न्यायालय द्वारा बहाल करने के मुद्दे पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने लोकतंत्र की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि हम तो पहले से कह रहे थे कि यह गलत नहीं है। उन्होंने पंजाब सहित अन्य राज्यों का उदाहरण भी दिया और कहा कि जब चुनाव आयोग ने इन विधायकों की सदस्यता रद की थी तब भी पार्टी को पूर्ण विश्वास था कि न्यायालय से न्याय मिलेगा। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जिस तरह से काम कर रहा है वह कहीं न कहीं से स्पष्ट करता है कि वह बीजेपी के एजेंट की भूमिका निभा रहा है।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों की सदस्यता निरस्त कर दी थी। उन पर आरोप था कि ये विधायक रहते हुए संसदीय सचिव के रूप में लाभ के पद पर काम कर रहे हैं। इसके खिलाफ आम आदमी पार्टी ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के पक्ष में फैसला सुनाया है।
गांधीवादी नेता अन्ना हजारे के शुक्रवार से लोकपाल की नियुक्ति की मांग को लेकर दिल्ली में शुरू किए अनशन पर कहा कि वह गैर राजनीतिक व्यक्ति हैं। हम उनके आंदोलन का समर्थन करते हैं। पिछली बार भी बड़ा आंदोलन उन्होंने किया था, तब बीजेपी भी साफ थी लेकिन चार सालों में यह साफ हो गया है कि बीजेपी को भ्रष्टाचार के खात्मे से कोई सरोकार नहीं। एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर राजनीतिक पार्टियां अन्ना के आंदोलन से जुड़ती हैं तो आम आदमी पार्टी पहली पार्टी होगी।