
Navratri special meals
वाराणसी. नवरात्र में व्रत हैं, लेकिन किसी काम से जाना है दूसरे शहर या किसी लंबी यात्रा पर तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसका इंतजाम है। ट्रेन में ही मिल जाएगा फलहार। ऐसा इंतजाम किया गया है। आईआरसीटीसी ने इसके लिए सभी प्लेटफॉर्म कैंटीन को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
दो अक्टूबर गांधी जयंती पर ट्रेन यात्रियों को शाकाहारी भोजन का इंतजाम करने के बाद अब आईआरसीटीसी ने नवरात्र में व्रती लोगो की सुविधा का भी खयाल किया है। ट्रेन में सफर करते वक्त ही अगर लग जाए भूख और किसी यात्री के पास फलहार नहीं है तो उसे चिंता करने की जरूरत नहीं है। ट्रेन में ही उसे सब कुछ हासिल हो जाएगा। बस इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
इस संबंध में पत्रिका ने आईआरसीटीसी के सीआरएम अश्विनी से बात की तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सभी प्लेटफार्म कैटीन को इस बारे में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसका पेंट्री कार से कोई ताल्लुक नहीं है। यात्री चाहे जिस ट्रेन में सफर कर रहा हो। उसमें पेंट्री कार भले न हो लेकिन उसे फलहार चाहिए तो वह उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
अश्विनी ने पत्रिका को बताया कि यात्री को फलहार तो मिलेगा, लेकिन इसके लिए उन्हें आईआरसीटीसी की वेबसाइट e-catering website, ecatering. IRCTC .co.in पर ऑनलाइन इसकी बुकिंग करानी होगी। उन्होंने बताया कि यात्री को नवरात्रि स्पेशल फूड के लिए यात्रा शुरू करने से दो घंटे पहले ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। बुकिंग के लिए यात्री को अधिकृत पीएनआर नंबर भी देना होगा। बुकिंग के बाद आईआरसीटीसी स्टेशन की कैंटीन से संपर्क कर फलहार की व्यस्था करेगा। खास तौर पर लखनऊ, झांसी, जयपुर, अंबाला, नागपुर, इटारसी, नासिक, रतलाम, मथुरा, निजामुद्दीन आदि रेलेव स्टेशनों पर फलहार की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों को फलहार के रूप में साबुदाना, कुट्टू का आटा, स्पेशल सब्जी, सेंधा नमक से बनी खाद्य सामग्री मुहैया कराई जाएगी। यात्री साबुदाना खिचड़ी, नवरात्रि थाली, लस्सी आदि की मांग कर सकते हैं। फलों का सलाद भी मिल सकेगा। इस फलहार के लिए यात्री बुकिंग के वक्त या खाद्य सामग्री हासिल करने के बाद उसका पेमेंट कर सकेंगे।
Updated on:
11 Oct 2018, 2:23 PM IST
Published on:
11 Oct 2018, 2:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.