31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा समाजवादी सेक्युलर मोर्चा

खास बातचीतः शिवपाल यादव की नई पार्टी समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की प्रवक्ता शादाब फातिमा ने बताई पार्टी की रणनीति
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

वाराणसी

•

image

Abhishek Srivastava

•

Updated: 13 Sep 2018, 12:02 PM IST

Shadab Fatima

Shadab Fatima

वाराणसी/गाजीपुर. सपा में चल रही रार अब 2019 में नया गुल खिलाने वाली है। वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवपाल यादव ने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन कर अपना मंसूबा साफ कर दिया है कि अब समझौता किसी कीमत पर नहीं। इसी के साथ उन्होंने मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत चेहरों की घोषणा भी कर दी है, जिसमें प्रमुख नाम शादाब फातिमा का है। शादाब फातिमा गाजीपुर की जहूराबाद सीट से विधायक रह चुकी हैं और शिवपाल यादव की बेहद करीबी हैं। विधानसभा चुनाव 2017 में शिवपाल गुट का होने के कारण अखिलेश यादव ने इनका टिकट काट दिया था। शादाब फातिमा को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पत्रिका ने उनसे विशेष बातचीत की, जिसमें खुलकर उन्होंने नए मोर्चे के विजन को रखा और तमाम मुद्दों पर बात की। प्रस्तुत है बातचीत का संपादित अंश...

प्रश्नः शिवपाल यादव ने आपको नई जिम्मेदारी दी है, क्या रणनीति होगी!

शादाब फातिमाः शिवपाल यादव चाहते हैं कि तमाम जनहितैषी मुद्दों पर बात रखी जाए। जनता परेशान है और उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। ऐसे में यह मोर्चा आवाज बनेगा। हर मुद्दे पर जो जनता से जुड़े हुए हैं उनपर संघर्ष करेगा। महंगाई बढ़ गई है। महिला अत्याचार की घटनाएं पीड़ा देती हैं। देवरिया जैसी घटनाएं होती हैं और प्रदेश सरकार सही से जांच कराने की बजाय लीपापोती कर रही है। उस अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंप दिया गया, जो खुद वर्षों से उसी विभाग में है। ऐसे में जब घटना ही उसके नाक के नीचे हुई तो आगे क्या हाल होगा सभी को पता है। शिवपाल यादव ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगी।

प्रश्नः 2019 में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी!

शादाब फातिमाः 2019 के लिए शिवपाल यादव पहले ही बता चुके हैं। हम प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन शिवपाल यादव ही करेंगे।

प्रश्नः 2019 में क्या आपका मोर्चा किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगा!

शादाब फातिमाः देखिए गठबंधन पर जो भी निर्णय होगा, उसपर शिवपाल जी का फैसला अंतिम होगा। वह जो दिशा-निर्देश देंगे, उसका पालन होगा।

प्रश्नः अतीक अहमद को क्या मोर्चे से जोड़ा जाएगा!

शादाब फातिमाः मेरे संज्ञान में अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं है। शिवपाल यादव तय करेंगे कि उनको पार्टी में लेना है या नहीं।

प्रश्नः 2019 में आपकी पार्टी का मुकाबला अपनों से ही होगा, जिनके साथ कभी काम किया है!

शादाब फातिमाः देखिए रण में कोई अपना नहीं होता। यह धर्मयुद्ध है। इसमें सिर्फ सही और गलत की बात होती है। तमाम मुद्दे हैं, जिनपर दूसरों को जवाब देना है।

प्रश्नः कुछ लोग आपको बीजेपी की बी पार्टी बता रहे हैं!

शादाब फातिमाः जिनको जो कहना है कहे। सभी को पता है कि फाइव स्टार होटल में भाजपा के बड़े नेताओं के साथ डिनर डिप्लोमेसी किसने की। शिवपाल जी ने क्या बुलाया था भाजपा के बड़े नेताओं को। बीजेपी की बी पार्टी कौन है सभी को पता है। हमारा ध्यान सिर्फ प्रदेश की जनता की समस्या पर है।