
वाराणसी में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन दोनों पालियों में हिंदी की परीक्षा होगी। पहली पाली में 10वीं जबकि दूसरी में 12वीं के छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठेंगे। जिले में कुल 118 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें से एक केंद्र केंद्रीय कारागार में भी बनाया गया है।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा को लेकर केंद्रों को 8 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी केंद्रों पर नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डिंग और राउटर के जरिए वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
बंद रहेंगी आसपास की फोटोकॉपी की दुकानें
उन्होंने बताया कि बनारस जनपद में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 92277 छात्र एवं छात्राएं रजिस्टर्ड हैं। हाई स्कूल में 46300 तो वहीं, इंटरमीडिएट में 45977 परीक्षार्थी इस साल परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि इस साल परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में फोटोकॉपी की सभी दुकानें बंद रहेंगी. ऐसा नहीं किए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोल रूम किया गया स्थापित
उन्होंने बताया कि परीक्षा में किसी तरह से नकल न होने पाए इसको लेकर जोनल सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। जिले में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जहां से सभी परीक्षा केंद्र पर निगरानी रखी जा रही है।
डबल स्ट्रांग रूम में रखे गए प्रश्न पत्र
परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र डबल लॉक वाले स्ट्रांग रूम में रखे जा रहे हैं। स्ट्रांग रूम की चाबी संबंधित थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष के पास सुरक्षित रखी गई है। परीक्षा में किसी भी प्रकार से नकल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अवश्य की जाएगी। इसके साथ ही नकल माफियाओं पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
Updated on:
18 Feb 2026 09:46 am
Published on:
18 Feb 2026 09:44 am
